आईपीएस श्लोक गौतम को मिला उत्तर प्रदेश कैडर

गाजियाबाद। जिले में लगन व मेहनत के बल पर कुछ भी हासिल किया जा सकता है। इसकी मिसाल बने हैं वसुन्धरा, सेक्टर-3 के रहने वाले श्लोक गौतम। वसुन्धरा, सेक्टर-3 के रहने वाले श्लोक गौतम को भारतीय पुलिस सेवा में उत्तर प्रदेश कैडर मिलने पर क्षेत्र में ख़ुशी की लहर दौड़ गई। इसको लेकर जनपद वासियों में खुशी का माहौल है। पिछले वर्ष संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा में श्लोक गौतम अपने पहले ही प्रयास में सफल हुए। यहां बड़ी बात यह रही कि उन्होंने कोचिंग संस्थान और घर पर पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया। श्लोक गौतम आईआईटी दिल्ली से अभियांत्रिकी स्नातक हैं। श्लोक गौतम के पिता अशोक कुमार सीमा सुरक्षा बल में कमांडेंट के पद पर क्षेत्रीय मुख्यालय सीमा सुरक्षा बल, फिरोजपुर, पंजाब में पदस्थ हैं। श्लोक गौतम बहुत ही कर्मठ, विवेकशील एवं यथार्थवादी दृष्टिकोण के व्यक्ति हैं और हमेशा नयी सोच के साथ समाज सुधार करने के लिए तत्पर रहते हैं।

श्लोक गौतम को भारतीय पुलिस सेवा में उत्तर प्रदेश कैडर मिलने से प्रदेश की कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में काफी मदद मिलेगी। क्षेत्र के लोगों ने इस खुशी के माहौल में श्लोक गौतम और उनके परिवार को हार्दिक बधाई दी है। श्लोक गौतम की हमेशा से यही महत्वाकांक्षा रही कि एक दिन यूपीएससी की परीक्षा क्वालीफाई कर आईपीएस बनना है और देश की सेवा करनी है। इसी महत्वाकांक्षा के चलते उन्होंने कड़ी मेहनत की और पहले ही प्रयास में क्वालीफाई भी कर लिया। श्लोक गौतम का कहना है कि विद्यार्थी बस पढऩे की आदत डाल लें, कामयाबी उनके कदम चूमेगी। सफलता का कोई शॉर्ट कट नहीं है, बल्कि निरंतर परिश्रम और अनुशासन से ही मुकाम हासिल होते है। दुविधा में रहने से भी लक्ष्य भटक जाता है। समय अमूल्य है। ज्यादा सोचने से बेहतर है, जो करना है, उस पर आगे बढ़े। पाठ्यक्रम के विषयों को तैयार करते वक्त जब भी मन बोझिल हो तो पसंदीदा लेखकों की किताबें, करंट अफेयर्स, न्यूज पेपर पढऩे में संकोच ना करें। युवाओं से अपील की कि अपने लक्ष्य को लेकर दिग्भ्रमित ना रहें और समयबद्ध तरीके से कदम बढ़ाते रहें।