खालिस्तानी आतंकी गुरजीत सिंह गिरफ्तार

एनआईए ने दिल्ली एयरपोर्ट से दबोचा

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एनआईए ने भगोड़े खालिस्तानी आतंकवादी गुरजीत सिंह निज्जर को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। पुणे खालिस्तान केस में निज्जर की गिरफ्तारी हुई है। आरोपी से सघन पूछताछ की जा रही है। एनआईए के मुताबिक भगोड़ा खालिस्तानी आतंकी गुरजीत सिंह निज्जर काफी समय से साइप्रस में छुपा था। एनआईए के अधिकारियों ने साइप्रस से दिल्ली लौटे निज्जर को एयरपोर्ट पर दबोच लिया। एनआईए अधिकारियों ने बताया कि निज्जर अमृतसर के पंडोरी सुखा सिंह गांव का रहने वाला है। वह 2017 से साइप्रस में रह रहा था। एनआईए का कहना है कि निज्जर को विशेष अदालत के समक्ष पेश कर फिर आगे की जांच के लिए मुंबई ले जाया जाएगा। एजेंसी को जांच में पता चला था कि पुणे खालिस्तानी केस में निज्जर मुख्य साजिशकर्ता था। द ट्रिब्यून में प्रकाशित एक रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि आरोपी गुरजीत सिंह निज्जर, हरपाल सिंह और मोइन खान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काफी सक्रिय थे। वह सिख आतंक को बढ़ावा देने के लिए षड्यंत्र रच रहे थे। आरोपियों का मकसद एक अलग खालिस्तान देश बनाने का था। दरअसल यह पूरा मामला तब खुला था जब 2 दिसंबर 2018 को महाराष्ट्र एटीएस ने हरपाल सिंह नाइक नामक व्यक्ति को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। जांच के दरम्यान एटीएस ने मोइन खान को भी दबोचा। बाद में 10 जनवरी 2019 को यह केस राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के हाथों में दे दिया गया। एजेंसी ने इस प्रकरण में मई 2019 में चार्जशीट भी दायर कर दी थी। एजेंसी ने चार्जशीट में कहा था कि खालिस्तान समर्थक नेटवर्क चलाने के लिए साइप्रस में मौजूद गुरजीत सिंह निज्जर कसूरवार है। उधर, दिल्ली में जारी किसान आंदोलन से इतर खालिस्तानी आतंकी गुरजीत सिंह निज्जर की गिरफ्तारी को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।