किसान आंदोलन : दिल्ली-यूपी में हाई अलर्ट

राष्ट्रीय राजधानी की सभी सीमाएं सील की गईं

नई दिल्ली। कृषि कानून के विरोध में किसान आंदोलन को देखकर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। किसानों को रोकने के लिए दिल्ली की सभी सीमाएं सील करनी पड़ी हैं। बॉर्डर पर वाहनों की सघन चैकिंग हो रही है। उधर, उत्तर प्रदेश में भी किसानों ने शुक्रवार को सड़कों पर उतर कर हंगामा किया। इसके चलते यमुना एक्सप्रेस-वे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की रफ्तार थमने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। केंद्र सरकार द्वारा पारित 3 कृषि कानूनों के विरोध में किसान आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। पंजाब से किसानों के दिल्ली कूच कार्यक्रम को देखकर दिल्ली की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैंं। दिल्ली की सीमाओं पर भारी पुलिस फोर्स की तैनाती है। वहीं, मेरठ, मुजफ्फरनगर, नोएडा व गाजियाबाद में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। यूपी के आगरा में सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर 2 दिन से धरना दे रही हैं। उन्हें दिल्ली जाने से रोका गया है। वह किसानों के साथ दिल्ली आने पर अड़ी हुई हैं। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली की तरह उत्तर प्रदेश सरकार भी काफी सतर्क नजर आ रही है। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को किसान सड़कों पर उतर आए। इसका असर यमुना एक्सप्रेस-वे पर देखने को मिला। मथुरा में किसानों की जबरदस्त भीड़ के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की गति थम गई। ऐसे में वाहन रेंगते नजर आए। आगरा से लेकर मथुरा तक टोल प्लाजा पर दोनों तरफ करीब डेढ़ किलोमीटर तक की लाइनें लग गईं। टोल पार करने में वाहनों को काफी समय लगा। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया है। बता दें कि पंजाब से दिल्ली आने के लिए निकले किसानों ने वीरवार को अंबाला बॉर्डर पर खासा हंगामा किया था। वहां पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधक को हटाकर दमकल विभाग की गाड़ी पर कब्जा कर लिया गया था। ऐसे में पुलिस को पानी की बौछार करनी पड़ी थी।