हाउस टैक्स जमा करने का अंतिम मौका, 1 अप्रैल से बकाया हाउस टैक्स पर लगेगा 12 प्रतिशत का ब्याज

-आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, सामाजिक संस्थाएं शहर वासियों को हाउस टैक्स जमा करने की दे जानकारी: नगर आयुक्त
-वित्तीय वर्ष के अंतिम वर्किंग डे में निगम ने की 2 करोड़ 66 लाख की वसूली

गाजियाबाद। 31 मार्च तक गृहकर जमा नहीं वाले भवन स्वामियों को एक अप्रैल से 12 प्रतिशत ब्याज देना पड़ेगा। चालू वित्तीय वर्ष खत्म होने में मात्र एक दिन बचे हैं। नगर निगम लोगों को गृहकर जमा करने पर जोर दे रहा है। लोगों की सहूलियत के लिए नगर निगम द्वारा अवकाश दिवस में भी कैंप लगा रहा है और सभी जोनल कार्यालय भी खुले रहेंगे। जिससे लोग अवकाश दिवस में अपना टैक्स जमा कर 1 अप्रैल के बाद लगने वाले ब्याज से बच सकेंं। नगर निगम द्वारा रविवार को भी हाउस टैक्स वसूली के लिए जोनल कार्यालय खोलें जाएंगे। सभी जोनल प्रभारी को नगर आयुक्त द्वारा वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन 31 मार्च को बेहतर कार्य के लिए मोटिवेट किया और अधिक से अधिक कर वसूली बढ़ाने के लिए निर्देश दिए। वित्तीय वर्ष के अंतिम वर्किंग डे में नगर निगम द्वारा लगभग 2 करोड़ 66 लाख की वसूली की गई।
संपत्ति कर वसूली को लेकर नगर निगम वृहद स्तर पर अभियान के रूप में कार्य कर रहा है। वसुंधरा जोन अंतर्गत एक करोड़ 2 लाख की वसूली हुई, कवि नगर जोन अंतर्गत 79 लाख की वसूली हुई, विजयनगर जोन अंतर्गत 11 लाख की वसूली हुई, मोहन नगर जोन अंतर्गत 35 लाख 29 हजार की वसूली हुई, सिटी जोन अंतर्गत 39 लाख की वसूली की गई। सीलिंग की कार्यवाही को अभियान के रूप में करने के लिए नगर आयुक्त द्वारा सभी जोनल प्रभारी को निर्देश दिए गए। 1 अप्रैल से 12 प्रतिशत ब्याज के साथ कर वसूली करने के लिए कहा गया।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा ने बताया 1 अप्रैल के बाद 12 प्रतिशत ब्याज के साथ हाउस टैक्स की वसूली की जाएगी। अभियान के दौरान सीलिंग में अन्य कार्यवाही भी की जाएगी। सम्मानित करदाताओं की सहूलियत के लिए नगर आयुक्त द्वारा रविवार को भी जोनल कार्यालय खुलवाए गए हैं। साथ ही अपना हाउस टैक्स जमा करने की अपील भी की गई है। शहर की जागरूक निवासियों द्वारा अपना हाउस टैक्स जमा किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन 31 मार्च को अधिक से अधिक करदाता जोनल कार्यालय पर संपर्क कर अपना हाउस टैक्स जमा कर सकें। शहर वासियों से अपील की गई है। इसी के साथ-साथ नगर आयुक्त द्वारा आरडब्ल्यूए पदाधिकारी एवं सामाजिक संस्थाओं से भी शहर वासियों को 1 अप्रैल से लगने वाले ब्याज की जानकारी देते हुए हाउस टैक्स जमा करने के लिए जागरूक करने के लिए अपील की गई।