नगर निगम ने तैयार किया आस्था व विश्वास का छठ घाट

-आकर्षक लाइटों से सजाए गए घाट जाने वाले सभी रास्ते
-स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ नगर आयुक्त ने घाटों का किया निरीक्षण
-छठ महापर्व के सफल आयोजन के लिए जोनवार लगाई गई अधिकारियों की ड्यूटी

गाजियाबाद। सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा की तैयारी अंतिम चरण में है। छठ पर्व के लिए सभी छठ घाट सज-धजकर तैयार हैं। साफ-सफाई से लेकर रोशनी तक की चकाचक व्यवस्था है। नगर निगम और नागरिक तालमेल के साथ काम करें तो उसका क्या परिणाम निकलेगा यह शहर के घाटों पर दिख रहा है। लोक आस्था व प्रकृति पूजा का महापर्व को लेकर जिले की सभी प्रमुख नदी, तालाब और घाट चकाचक सज-धजकर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार है। अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य रविवार को दिया जाएगा। अर्घ्य देने के लिए नगर निगम, आम लोग और सामाजिक संस्थाओं ने मिल-जुलकर साफ-सफाई, रोशनी आदि की व्यवस्था कर दी है। जिन तालाबों में पानी की कमी थी वहां पानी भरा गया है। जहां पानी ज्यादा है वहां बैरिकेडिंग व सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

पांच दर्जन से अधिक ऐसे जगह है जहां पर लोगों ने अपने स्तर से भी घाटों को सजाया है। एहतियातन प्रशासन द्वारा भी सभी प्रमुख घाटों पर नाव, गोताखोर आदि की व्यवस्था की गई है। वहीं नगर निगम द्वारा स्वच्छ त्यौहार स्वच्छ घाट के क्रम में विशेष ध्यान देते हुए घाटों पर व्यवस्था बनाए हुए हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा शनिवार प्रात: भ्रमण के दौरान शहर में बने हुए घाटों पर जाकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। नगर आयुक्त द्वारा श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों से भी घाटों की सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपील की गई। निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश, संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रहेगी विशेष सफाई की व्यवस्था
नगर निगम द्वारा छठ व्रतियों के लिए सभी सुविधाओं को ध्यान में रखकर व्यवस्था की गई है। साथ ही घाटों पर आने वाले व्रतियों के लिए डस्टबिन की व्यवस्था, नियमित घाटों की सफाई की व्यवस्था, फागिंग की व्यवस्था, शौचालय की सफाई की व्यवस्था, विसर्जन पूजा सामग्री की व्यवस्था व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं विशेष ध्यान रखा गया है। जिसका नगर आयुक्त लगातार निरीक्षण कर मिलने वाली खामियों को दूर करने के निर्देश दे रहे है। जिससे घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न रहे। स्वच्छ त्यौहार और स्वच्छ घाट के लिए जन जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। नगर निगम के पांचो जोनों में स्थित छठ घाटों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए है। जिसमें जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग नगर निगम को मिल रहा है।

छठ घाटों पर निगम के अधिकारी संभालेंगे व्यवस्था की कमान
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के कुशल नेतृत्व में छठ घाट महापर्व की तैयारियां जोरों से चल रही है। नगर आयुक्त के निर्देश के क्रम में सभी छठ घाटों पर वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। कवि नगर जोन के अंतर्गत लगभग 14 घाट पर उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ अनुज कुमार सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सिटी जोन के अंतर्गत लगभग 10 घाटों पर संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश की देखरेख रहेगी। विजयनगर जोन के अंतर्गत 21 घाटों पर अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव की जिम्मेदारी लगाई गई है। मोहन नगर जोन के अंतर्गत 14 घाटों पर महाप्रबंधक जल आनंद त्रिपाठी की जिम्मेदारी लगाई गई है। वहीं मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी को 8 घाट की वसुंधरा जोन की जिम्मेदारी दी गई है। इस प्रकार नगर निगम द्वारा योजना बनाकर सभी घाटों पर व्यवस्था सुदृढ़ की गई है, जो की सराहनीय है।

लोक आस्था के महापर्व छठ के लिए शहर रोशनी से नहा गया है। छठ घाट जाने वाले सभी रास्तों को आकर्षक लाइटों से सजाया गया है। इसके साथ ही घाटों की बैरिकेडिंग भी की गई है। ताकि भगवान भास्कर को अर्घ्य देने आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। रविवार को अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को व्रती अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान आदित्य की आराधना में लीन भक्त छठ व्रत कथा सुनकर पारण करेंगेे। छठ को लेकर सोमवार शाम से ही सभी घाट जगमगाने लगे। महापौर एवं नगर आयुक्त के निर्देशानुसार त्योहारों के चलते स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जिसमें पार्षदों का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। पार्षदों को भी अपने-अपने क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाने के लिए अपील की गई है। स्वच्छ त्यौहार स्वच्छ घाट के लिए श्रद्धालु में भी उत्साह देखने को मिल रहा है।