गाजियाबाद मेयर का पद होगा जनरल ? आज होगा ऐलान

नगर विकास मंत्री एके शर्मा आज दोपहर लखनऊ में करेंगे प्रेस वार्ता देंगे आरक्षण को लेकर जानकारी। सूत्रों से जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक गाजियाबाद के मेयर का पद जनरल कैटेगरी का होगा। यानी गाजियाबाद में मेयर पद का दावेदार सामान्य वर्ग से होगा।

उदय भूमि ब्यूरो
लखनऊ / गाजियाबाद। नगर निगम के वार्ड के आरक्षण की सूची जारी होने के बाद सबकी नजर मेयर पद के आरक्षण को लेकर है। हालांकि अभी मेयर एवं चेयरमैन के पदों को लेकर आरक्षण की स्थिति क्या होगी इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन सूत्रों से जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक गाजियाबाद के मेयर का पद जनरल कैटेगरी का होगा। यानी गाजियाबाद में मेयर पद का दावेदार सामान्य वर्ग से होगा। गाजियाबाद, लखनऊ सहित यूपी के सभी नगर निगम में मेयर एवं प्रदेश के सभी जिलों के नगर पंचायतों के चेयरमैन के आरक्षण को लेकर आज 3 दिसंबर 2022 को दोपहर लखनऊ में नगर विकास मंत्री एके शर्मा प्रेस वार्ता करेंगे। इसी प्रेस वार्ता में निकाय चुनाव में अध्यक्षीय पदों में आरक्षण को लेकर जानकारी दी जाएगी। गाजियाबाद नगर निगम में पार्षदों की आरक्षण को लेकर जो सूची जारी हुई है उसको लेकर लगातार आपत्तियां दर्ज कराई जा रही है। शुक्रवार को सीटों के आरक्षण को लेकर 9 आपत्तियां दर्ज हुई। अगले एक-दो दिनों में आपत्तियों की संख्या काफी बढ़ सकती है।

नगर निकाय चुनाव की अभी घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इसको लेकर गहमागहमी तेज हो गई है। चर्चाएं तेज है कि दिसंबर के दूसरे सप्ताह में या फिर तीसरे सप्ताह में कभी भी नगर निकाय के चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है। चुनाव तारीखों के ऐलान से पहले सभी नगर निगमों एवं नगर पालिकाओं में मेयर एवं चेयरमैन के आरक्षण की स्थिति भी स्पष्ट हो जाएगी। नगर निगम एवं नगर पालिकाओं में पार्षदों के आरक्षण की सूची नगर विकास विभाग द्वारा जारी कर दी गई है। शासन ने आरक्षण को लेकर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 1 सप्ताह का समय दिया है। वार्डो के आरक्षण को लेकर जो आपत्तियां प्राप्त होगी उसके निस्तारण के बाद पार्षदों के वार्ड आरक्षण की अंतिम सूची शासन द्वारा प्रकाशित कर दी जाएगी। पार्षदों की आरक्षण की सूची जारी होने के बाद से सबकी नजर मेयर एवं चेयरमैन के पदों पर होने वाले आरक्षण पर टिकी हुई है। गाजियाबाद मेयर की हाई प्रोफाइल सीट पर सभी की नजर टिकी हुई है। सूत्र बता रहे हैं कि गाजियाबाद मेयर का सीट अनारक्षित होगा और सामान्य वर्ग से मेयर का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा। गाजियाबाद में मेयर पद को भाजपा के लिए सुरक्षित माना जाता है। ऐसे में सबसे ज्यादा खलबली भाजपा के नेताओं में मची हुई है। भाजपा से मेयर पद के दर्जनों दावेदार लगातार अपनी दावेदारी पक्का करने के लिए इधर-उधर दौड़ लगा रहे हैं। लेकिन किसको टिकट मिलेगा इससे पहले सबसे जरूरी है कि गाजियाबाद मेयर का सीट पर आरक्षण की स्थिति स्पष्ट हो। उधर सूत्रों से जानकारी मिली है उसके मुताबिक गाजियाबाद मेयर का सीट अनारक्षित रहेगा लेकिन इसका पता अधिकृत रूप से घोषणा होने के बाद ही चलेगा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग लखनऊ के सूचना अधिकारी अखिलेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि 3 दिसंबर 2022 की दोपहर 3:00 बजे लोक भवन स्थित मीडिया सेंटर में नगर विकास मंत्री एके शर्मा प्रेस वार्ता करेंगे। नगर विकास मंत्री प्रेस वार्ता में निकाय चुनाव में अध्यक्ष पदों के आरक्षण की जानकारी देंगे।