महिलाओं को सार्वजनिक स्थलों पर मिलेगा भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण: वीके सिंह

-केन्द्रीय राज्य मंत्री ने 20 पिंक पुलिस मोबाइल को दिखाई हरी झंडी

गाजियाबाद। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, नागर विमानन राज्यमंत्री वीके सिंह ने कहा कि महिलाओं को भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पिंक पुलिस मोबाइल सुरक्षा में सहायक बनेंगी। रविवार को हरसांव स्थित रिजर्व पुलिस लाइन ग्राउंड में केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह एवं पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्रा ने 20 पिंक पुलिस मोबाइल बूथ एवं चार पहिया पिंक मोबाइलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, विधायक अतुल गर्ग, विधायक सुनील शर्मा, विधायक अजितपाल त्यागी, विधायक डॉ. मंजू सिवाच, धौलाना विधायक धर्मेश तोमर, विधायक नंदकिशोर, एडिशनल पुलिस कमिश्नर दिनेश कुमार पी, डीसीपी निपुण अग्र्रवाल, डीसीपी विवेक चंद्र यादव, एसीपी यातायात पूनम मिश्रा, एसीपी सलोनी अग्रवाल, एसीपी अनीता चौहान, एसीपी एलआईयू प्रियाश्री पाल, एसीपी प्रज्ञान आदि मौजूद रहे।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि सेफ सिटी परियोजना के तहत प्रदेश सरकार ने लखनऊ के अलावा गाजियाबाद समेत 17 महानगरों में इसकी पहल की है। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य शहर में महिलाओं को सार्वजनिक स्थलों पर एक भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। 20 पिंक पुलिस बूथों पर महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। जो अपने-अपने थाना क्षेत्रों में महिलाओं के साथ होने वाली आपराधिक घटनाओं की रोकथाम एवं जांच में उत्तरदायी होंगी। प्रत्येक पिंक पुलिस बूथ पर दारोगा व हेड कांस्टेबल, सिपाही महिला तैनात कर दी गई है। प्रत्येक बूथ पर दो कक्ष एवं शौचालय की उपलब्धता रहेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गाजियाबाद पुलिस के इस प्रयास से शहर में रहने वाली एवं नौकरी पेशा करने वाली महिलाएं ओर सुरक्षित महसूस करेंगी। पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि पिंक पुलिस बूथ अपने-अपने थाना क्षेत्र में आने वाली महिला अपराधों से संबंधित केस को देखेंगी। इनके माध्यम से लगातार अपने-अपने क्षेत्र में गाडिय़ों से गश्त करेंगी। जहां पर महिलाओं का आवागमन अधिक होता है, उन्हें वहां सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना उद्देश्य है।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि प्रत्येक पिंक पुलिस बूथ पर दो शिफ्ट में प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक कार्यशील रहेंगी। महिला अपनी शिकायत व समस्या पिंक बूथ पर कर सकती है। यहां पर तैनात महिला पुलिसकर्मी उस मामले में अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगी। अगर प्रकरण में एफआईआर किए जाने की आवश्यकता है तो पीडि़त महिला को तत्काल पिंक मोबाइल कार में बैठाकर संबंधित थाने में ले जाकर महिला की एफआईआर दर्ज कराएंगी। एफआईआर दर्ज होने के बाद ही पिंक बूथ पर नियुक्त महिला पुलिसकर्मी अपने बूथ पर वापस आएंगी। पुलिस बूथ पर महिला दारोगा समेत कुल पांच महिला पुलिस कर्मी को तैनात किया गया हैं। इनकी संख्या आने वाले समय में बढ़ाकर 8 से 10 तक की जा सकती है। इसके अलावा अतिरिक्त पिंक बूथ भी बनाए जाने प्रस्तावित है।

सेफ सिटी परियोजना के तहत पिंक पुलिस बूथ स्थापित करते हुए इन पर महिला पुलिसकर्मी एवं महिला स्वयंसेवी की तैनाती करने के अलावा पिंक मोबाइल, स्कूटी, पिंक शौचालय,बेबी फीडिंग सेेंटर,डॉर्क स्पॉट्स का चयन कर उन स्थानों पर रात में प्रकाश व्यवस्था, वाहनों में सीसीटीवी कैमरे एवं पैनिक बटन लगाया जाना है। महिला कॉलेजों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने,मिशन शक्ति के तहत महिला पुलिसकर्मियों द्वारा महिलाओं की सुरक्षा एवं सरकार की योजनाओं से अवगत भी कराना है। पुलिस द्वारा योजना के तहत सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे है। दो सितंबर तक कुल 6030 कैमरे जन सहयोग से लगाए जा चुके हैं। यह लक्ष्य से 12 गुना अधिक है। सितंबर के अंत तक यह 7 हजार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया हैं।

खास बात यह है कि प्रदेश में पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद ऐसा पहला जिला होगा। जहां पर जिले के 20 थाना क्षेत्र अंतर्गत 20 अलग-अलग स्थानों यानि कि चौकी पर पिंक बूथ और मोबाइल पर तैनात की गई महिला पुलिसकर्मी 20 चार पहिया वाहनों से सुरक्षा करेगी। महिलाओं को सुरक्षा और निजता का एहसास दिलाने में पिंक मोबाइल अहम रहेंगी। यह पीआरवी,पीसी वैन,चीता मोबाइल के साथ अब ये भी अपने-अपने क्षेत्र में घूमेंगी। भीड़भाड़ वाले स्थान जैसे प्रमुख बाजार,स्कूल-कॉलेज के बाहर ऐसे समय में गश्त करेंगी,जहां महिलाओं की संख्या अधिक हो।

यह बनाए गए पिंक बूथ: 
इनमें नगर कोतवाली दूधेश्वरनाथ चौकी पिंक बूथ,विजयनगर जल निगम पुलिस चौकी,सिहानी गेट पुराना बस अड्डा चौकी,नंदग्राम पुलिस चौकी,कवि नगर थाने की सेक्टर-3,राजनगर चौकी,मधुबन बापूधाम सेक्टर-23 संयजनगर चौकी, इंदिरापुरम शिप्रा माल चौकी,कौशांबी पुलिस चौकी, साहिबाबाद मोहन नगर चौकी,लिंक रोड महाराजपुर चौकी,शालीमार गार्डन सेंट्रल पार्क डीएलएफ बीट,लोनी तिराहा पुलिस चौकी,ट्रॉनिका सिटी की ट्रॉनिका सिटी चौकी लोनी बार्डर संगम विहार चौकी,अंकुर विहार डीएलएफ चौकी,मसूरी गार्डन एन्क्लेव चौकी,मुरादनगर रेलवे रोड चौकी,मोदीनगर गोविंदपुरी चौकी,वेव सिटी अध्यात्मिक नगर चौकी और क्रॉसिंग रिपब्लिक बाईपास चौकी को पिंक बूथ बनाया गया हैं। इन सभी 20 पिंक पुलिस बूथ का निर्माण व मरम्मत का कार्य कराया जा चुका हैं। इनके लिए 20 चार पहिया वाहनों भी उपलब्ध कराए गए है।