खर्चों को कम कर जीडीए की आर्थिक स्थिति सुधारने पर होगा काम: इंद्र विक्रम सिंह

– जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने जीडीए उपाध्यक्ष का संभाला अतिरिक्त चार्ज

गाजियाबाद। प्रदेश शासन ने आखिरकार इंतजार के बाद सोमवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) उपाध्यक्ष पद पर जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह को अतिरिक्त प्रभार देते हुए इन्हें उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त कर दिया। सोमवार दोपहर को जीडीए कार्यालय में पहुंचकर वर्ष-2010 बैच के आईएएस अधिकारी जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने 39वें जीडीए उपाध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जीडीए अधिकारियों के साथ सभागार में बैठक भी की। पत्रकारों से वार्ता करते हुए नवागत जीडीए उपाध्यक्ष इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि खर्चों को कम करते हुए सबसे पहले जीडीए की आर्थिक स्थिति को सुधार जाएगा। उन्होंने अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि फंडिंग की समस्या दूर की जाएगी। वहीं नई योजनाएं एवं विकास कार्यों को पूरा कराने पर पूरा फोकस रहेगा।

मास्टर प्लान के अनुसार कार्य किए जाएंगे। जो जीडीए का बेसिक कार्य है। उन्हें पूरा कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि फाइनेंस को कंट्रोल किया जाएगा। मधुबन-बापूधाम योजना को विकसित कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही मधुबन-बापूधाम योजना के आरओबी का निर्माण भी जल्द पूरा कराया जाएगा। इससे योजना को लाभ मिलेगा। बुनकर मार्ट जैसी योजना है। इसमें प्रदेश के बड़े स्तर पर कारोबारी को लाभ मिलेगा। वहीं, नोएडा सेक्टर-62 से साहिबाबाद तक मेट्रो ट्रेन विस्तार को लेकर भी इस पर कार्य किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश शासन व अन्य विभागों से फंडिंग को लेकर वार्ता की जाएगी। ताकि यह योजना सफल हो सकें। जीडीए में वह मंगलवार और गुरुवार को आवंटियों की समस्याएं सुनने के लिए दो दिन बैठा करेंगे। इससे पहले नवागत जीडीए उपाध्यक्ष इंद्र विक्रम सिंह का जीडीए में पहुंचने पर जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह,अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, ओएसडी गुंजा सिंह आदि अधिकारियों ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया।

जीडीए उपाध्यक्ष ने अतिरिक्त पदभार ग्रहण करने के बाद सभागार में जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह, अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, ओएसडी गुंजा सिंह,प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह, मुख्य नगर नियोजक अजय कुमार सिंह,फाइनेंस कंट्रोलर अशोक कुमार वाजपेयी एवं अधिशासी अभियंता,नगर नियोजक अरविंद सिंह, उद्यान प्रभारी शशि कुमार भारती, सहायक अभियंता आदि अधिकारियों के साथ बैठक की।बैठक में जीडीए के कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता के कार्यों को प्रस्तुत किया गया। नवागत जीडीए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि भारत राष्ट्र के नागरिकों के लिए नेशन प्रथम की अवधारणा है।उसी प्रकार से जीडीए का कार्य प्रथम होना चाहिए। अनावश्यक खर्चें कम किए जाए। जीडीए की आय बढ़ाने पर जोर दिया जाए। जीडीए के अधिकारी समस्या बताने के साथ-साथ उसके समाधान के लिए विकल्प लेकर आए। समय से जीडीए कार्यालय में उपस्थित हो। मन लगाकर अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करें। ताकि आवंटियों को कोई समस्या न हो।