वर्षों का वनवास हुआ खत्म, 22 जनवरी को हर घर मनाएं दिवाली: गुंजन शर्मा

गाजियाबाद। अयोध्या नगरी अपने आराध्य के स्वागत के लिए तैयार हो रही है। 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी और इसके लिए अयोध्या नगरी को सजाया जा रहा है। देश दीपावली से पहले ही दीपावली मनाने को तैयार है। इस खास दिन अयोध्या में घी के दिए जलेंगे। उक्त बातें भाजपा महानगर मंत्री गुंजन शर्मा ने कहीं। उन्होंने कहा अयोध्या में भव्य नवनिर्मित मंदिर में श्री राम जी 22 जनवरी को विराजमान हो रहे है। लंबे समय बाद श्री राम जी का मंदिर में विराजमान होने को लेकर हर्ष की लहर है। देश भर के लोग इस दिन दिवाली मनाने के लिए तैयार है। प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां सिर्फ अयोध्या में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में जोर शोर से चल रही हैं। यह सभी सनातनियों के लिए गर्व का विषय है कि आज हमारे रामलला को उनका भव्य मंदिर मिलने जा रहा है। पिछले कई वर्षों से रामलला टेंट में रह रहे थे। इसको लेकर हर तरफ उल्लास और उत्सवी माहौल है। रामलला के भव्य मंदिर के लिए करीब 500 वर्ष से अधिक लड़ाई गई। तब जाकर यह जंग जीती गई।

वहीं विपक्ष भी इस विषय पर राजनीति कर रहा है। जिसका खामियाजा उसे लोकसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। पहली बार अयोध्या नगरी में खुशी का माहौल तब था, जब भगवान श्रीराम 14 वर्ष का वनवास काटकर वापस अयोध्या लौटे थे। लेकिन इस बार का वनवास उनका 14 वर्षों का नहीं बल्कि 500 वर्ष से अधिक वनवास रहा है। इसलिए देश ही नहीं विदेशो में रह रहे भारतीय प्रवासी भी इस दिन का बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे है। 22 जनवरी को दीपावली की तरह ही चारों ओर उल्लास का वातावरण होगा, हर घर और प्रतिष्ठान रोशनी से जगमगाएंगे, आंगन में रंगोलियों सजाई जाएंगी। देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी लोग यह अंदाज लगा चुके हैं कि अयोध्या बहुत ही उत्सवी और महत्वपूर्ण होने वाली है, जो दुनिया भर के लोगो को आकर्षित करेगी। यहां पर पूरी दुनिया के लोगों को तांता लगने वाला है। तमाम निर्माण कार्य हो चुका है, लेकिन बदलाव युद्ध स्तर पर अभी भी चल रहा है।