केंद्र एवं राज्य सरकार पर अखिलेश यादव और जयंत चौधरी का अटैक

-सपा मुखिया बोले, मोदी-योगी की सरकार में हर वर्ग का उत्पीड़न
-रालोद सुप्रीमो ने कहा, युवाओं को दिखानी चाहिए होशियारी

गाजियाबाद। सपा सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर जमकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल में उत्तर प्रदेश की सूरत में कोई बदलाव नहीं आया। सरकार ने हर वर्ग का शोषण किया। सपा ने नकारात्मक राजनीतिक को खत्म करने का बीड़ा उठाया है। गंगा-जमुना तहजीब को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में केंद्र सरकार ने 80 करोड़ नागरिकों को राशन देकर और गरीब बना दिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर मेदांता फार्म हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में सपा मुखिया अखिलेश यादव के साथ रालोद प्रमुख जयंत चौधरी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जमकर आलोचना की। इसके अलावा विधान सभा चुनाव में सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशियों को जनता से जिताने की अपील की।

अखिलेश यादव ने कहा कि जहां जोड़े बनते हैं, वहां गठबंधन का कार्यक्रम हो रहा है। उन्होंने किसान आंदोलन का भी जिक्र किया। पूर्व सीएम यादव ने कहा कि तीनों कृषि कानूनों की वापसी किसानों के त्याग और आंदोलन की जीत है। उन्होंने आरोप मढ़ा कि मोदी सरकार की नाकामी के कारण देश गरीब हो रहा है। गरीबों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। 2020 में कोरोना संक्रमण के समय लाखों की तादात में मजदूरों को पैदल अपने घर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा था। ऐसे में कितनी मजूदरों की रास्ते में जान चली गई। उन्होंने कहा कि सपा ने नकारात्मक राजनीतिक को समाप्त करने का बीड़ा उठाया है। हम सब एक हैं। गंगा-जमुनी तहजीब को आगे बढ़ाया जाएगा। उद्योगों को सहायता की जाएगी।

सपा प्रमुख ने कहा कि एमएसएमई सेक्टर के लिए अलग से पैकेज लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में साइकिल का पुराना कारखाना था। जब जब वह कारखाना बंद होने को था तो सपा ने पुरजोर विरोध किया था। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने साइकिल के कारखाने को पुन: संचालित कराया जाएगा। जरूरत पड़ी तो इसके लिए अलग से पैकेज देंगे ताकि नागरिकों को रोजगार मिल सके। सपा प्रमुख यादव ने कहा कि मैं लाल पोटली लेकर चलता हूं। ये अन्न संकल्प के लिए है। किसान के हक में निरंतर संघर्ष किया जाएगा। रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने भी योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि युवाओं को यह तय करना होगा कि उन्हें लाठी से मारने वाली सरकार चाहिए या विकास कराने वाली। जयंत चौधरी ने किसान आंदोलन के बहाने केंद्र सरकार को कोसा। पत्रकार वार्ता में सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी मदन भैय्या, अमरपाल शर्मा, सुरेंद्र कुमार मुन्नी, विशाल वर्मा, सुदेश शर्मा व असलम चौधरी, महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी, जिलाध्यक्ष राशिद अली, लोकदल अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ राष्ट्रीय महासचिव इंदरजीत सिंह टीटू, जिला अध्यक्ष चौधरी तेजपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष अरुण चौधरी (भुल्लर), कुवर अय्यूब अली, चेयरमैन अमरजीत सिंह बिडडी, ऑडी त्यागी, रविंद्र चौहान पूर्व महानगर अध्यक्ष आदि मौजूद रहे।

जनता चाहती है बदलाव 
मुरादनगर विधान सभा क्षेत्र से सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार मुन्नी ने कहा कि जनता अब बदलाव आती है। सूबे में सपा-रालोद गठबंधन को चुनाव में जबरदस्त जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं को भरपूर प्यार उन्हें मिल रहा है। मुरादनगर सीट पर वह अच्छे अंतर से विजयी होंगे। मुन्नी ने कहा कि सपा-रालोद गठबंधन को जनता नए विकल्प के रूप में देख रही है।

जनता का मिल रहा भरपूर समर्थन
गाजियाबाद सदर विधान सभा क्षेत्र से सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी विशाल वर्मा ने कहा कि गाजियाबाद की जनता से उन्हें भरपूर प्यार और समर्थन मिल रहा है। जनता के सहयोग से उन्हें निश्चित रूप से कामयाबी मिलेगी। यदि वह चुनाव जीतते हैं तो गाजियाबाद क्षेत्र के समुचित विकास के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। दिल्ली से सटा यह शहर विकास की दृष्टि से कतई पीछे नहीं रहेगा।