कांवड़ यात्रा का ब्लू प्रिंट तैयार, जीरो वेस्ट होंगे भंडारे: डॉ. नितिन गौड़

कांवड़ यात्रा: कांवडिय़ों की सुरक्षा के लिए निगम लगाएगा 30 सीसीटीवी कैमर
दूधेश्वरनाथ मंदिर से मेरठ रोड तिराहा स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में बनेंगे दो कंट्रोल
शुद्ध भोजन की व्यवस्था, जीरो वेस्ट पर सांई उपवन के पास आठ जुलाई से 15 जुलाई तक भंडारे का आयोजन

गाजियाबाद। भोलेनाथ का प्रिय माह सावन शुरू होने वाला है। इसी के साथ कांवड़ यात्रा भी शुरू हो जाएगी। हिन्दू धर्म में कांवड़ यात्रा का विशेष महत्व है। कांवड़ यात्रा को लेकर जहां एक तरफ शिव भक्त काफी उत्साहित दिख रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ शासन-प्रशासन और नगर निगम भी यात्रा को सफल बनाने में जुट गए हैं। गाजियाबाद नगर निगम ने भी कांवड़ यात्रा के लिए कमर कस ली है। कांवड़ यात्रा को देखते हुए नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने भी कमान संभाल ली है और युद्धस्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। कांवडिय़ों को अंधेरा परेशान ना करें इसलिए यात्रा मार्ग पर प्रकाश की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है। श्रावण मास कांवड़ यात्रा को लेकर नगर निगम ने भी अब अपनी तैयारी तेज कर दी है। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने कांवड़ यात्रा एवं मेले का पूरा ब्लू प्रिंट तैयार किया है।

शुक्रवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए नगर आयुक्त ने कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम की ओर से दिल्ली-मेरठ मार्ग पर दुहाई से लेकर यूपी बॉर्डर तक बैरिकेडिंग कराई जाएगी। वहीं, लगभग 4000 प्वाइंट पर लाइट की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था आदि के लिए ब्लू प्रिंट तैयार किया गया है। इसी के अनुसार नगर निगम कांवड़ मेले की तैयारियों में जुट गया है। नगर निगम की ओर से कांवड़ मेले के मद्देनजर दुहाई से लेकर मेरठ रोड तक, सांई उपवन और सिद्वपीठ दूधेश्वरनाथ मंदिर के आसपास के क्षेत्र में बैरिकेडिंग कराई जायेगी। सात से आठ लोहे के वाच टावर तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही 10 स्टैंडिंग व 20 मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की जाएगी।

नगर आयुक्त ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर पैच का कार्य शुरू करा दिया गया हैं। इस मार्ग पर 70 से 80 अवैध कट को भी बंद किया जाएगा। कांवडिय़ों की सुरक्षा के लिए 30 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और 27 स्थानों पर टॉयलेट की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही निगम की ओर से 60 सुपरवाईजरों की तैनाती भी की जाएगी। जो पुलिस-प्रशासन के साथ साफ -सफाई व सुरक्षा की व्यवस्था संभालेंगे। मोरटी गांव में मोबाइल टीमें रहेंगी और हर टीम में चार से पांच लोगों का स्टाफ होगा। सावन मास में 12 वाहनों को डोर टू डोर जाकर कूड़ा एकत्रित करने व साफ -सफाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांवडिय़ों के लिए नगर निगम द्वारा पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।

कांवड़ मार्ग पर चार हजार लाईटें लगाई जाएगी। बिजली आपूर्ति नहीं होने पर पांच जनरेटर की व्यवस्था की गई है। यह कांवड़ मार्ग पर स्थापित किए जाएंगेे। कूड़ा डालने के लिए कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह पर 65 डस्टबिन लगाए जाएंगे। कांवडिय़ों के लिए पेयजल व्यवस्था के लिए दो पानी के टैंकर हर समय उपलब्ध रहेंगे और कांवड़ मार्ग के आसपास के 60 हैंडपंपों को दुरूस्त किया जाएगा। सुरक्षा के लिए दूधेश्वरनाथ मंदिर से मेरठ रोड तिराहा स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में दो कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। कांवडिय़ों को शुद्ध भोजन उपलब्ध कराने के लिए निगम की ओर से जीरो वेस्ट पर सांई उपवन के पास आठ जुलाई से 15 जुलाई तक भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

नगर आयुक्त ने बताया नगर निगम का प्रयास है कि कांवडिय़ों को किसी तरह की कोई परेशानी ना हो। इसके लिए हमारी टीम लगातार काम कर रही है। सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है। सड़क पर जहां-जहां गड्ढे बन गए हैं, उनको भी भरवाने का काम किया जा रहा है। साथ सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं कांवड़ मार्ग के साथ ही जिले के मुख्य मंदिरों के बाहर भी सफाई व्यवस्था का ध्यान रखा जा रहा है। मंदिर तक जाने वाले रास्ते को भी साफ किया जा रहा है।