निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने लोगों को पढ़ाया स्वच्छता का पाठ

शहर की सफाई व्यवस्था एवं पार्कों का लिया जायजा

गाजियाबाद। स्वच्छता के प्रति अगर हर कोई अपनी जवाबदारी समझते हुए भागीदारी निभाएं तो वह दिन दूर नहीं कि अपना शहर सबसे सुंदर होगा। स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर की रैंकिंग सुधारने के लिए नगर निगम कड़ी मशक्कत कर रहा है। सर्वेक्षण के प्रत्येक मानक पर नगर निगम की टीमें बारीकी से काम कर रही हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त शहर वासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रतिदिन शहर का भ्रमण कर सफाई व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे है। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने कहा लोगों को समझना होगा कि स्वच्छता सिर्फ सर्वेक्षण और अवार्ड के लिए सीमित नहीं रखनी चाहिए। सफाई हमारे सुकून और स्वास्थ्य के लिए हो। ऐसा इसे सतत रखकर ही संभव हो सकता है। इसलिए वे अपनी कमियां तुरंत दूर करें। जब तक हम एक जिम्मेदार नागरिक नहीं बनेंगे, तब तक अपने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की परिकल्पना करना बेकार है।

सफाई हम दुसरों के लिए नहीं, बल्कि अपने लिए करनी होगी। नगर निगम की टीम शहर की सफाई व्यवस्था में लगातार कार्य कर रही है। इस काम में लोगों को भी सहयोग देना होगा। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग को सफाई करने के लिए निर्देशित किया। वहीं उद्यान विभाग को भी पार्कों की व्यवस्थाओं के साथ-साथ ग्रीन बेल्ट सेंट्रल वर्क को व्यवस्थित करने के लिए निर्देशित किया। नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार ना केवल शहर वासियों को ही सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बल्कि निगम शहर में कूड़ा घर विलोपन कर शहर की सुंदरता को बढ़ाने का भी कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया नगर आयुक्त के निर्देशानुसार शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित ग्रीन बेल्ट सेंट्रल वर्ज पर विशेष ध्यान देते हुए उनकी सफाई व्यवस्था तथा उन को हरा भरा बनाए रखने के लिए कार्यवाही तेजी से चल रही है। जिसमें प्रतिदिन नगर आयुक्त द्वारा स्वयं जायजा भी लिया जा रहा है। इसके क्रम को आगे बढ़ाते हुए संबंधित अधिकारियों, सुपरवाइजरओं, हेड मालियों को भी निर्देशित किया है कि वह प्रातः: के समय सेंट्रल वर्ज तथा ग्रीन बेल्ट की साफ-सफाई का कार्य कराएं। जिसके लिए उपकरणों को भी व्यवस्थित करने के लिए कहा गया है। नगर निगम जहां रास्तों को अवमुक्त करने की कार्रवाई कर रहा है। वहीं सफाई व्यवस्था के साथ-साथ उद्यान विभाग के कार्यों को भी आगे बढ़ा रहा है।

गंदगी देख भड़के नगर आयुक्त, लगाई फटकार

वसुंधरा जोन के सूर्य नगर स्थित धु्रव पार्क, झंडापुर, कड़कड़ मॉडल, साहिबाबाद साइट चार औद्योगिक क्षेत्र, बृज विहार, चंद्रनगर, सूर्य नगर क्षेत्रों का नगर आयुक्त ने शुक्रवार सुबह जायजा लिया। इस दौरान सड़क किनारे गंदगी और निर्माण सामाग्री देखकर अधिकारियों पर भड़क गए और उन्हें जल्द से जल्द कूड़ा सहित निर्माण सामाग्री को हटाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने सुबह-सुबह नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारियों के साथ वसुंधरा जोन के पार्क और औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पार्कों का निरीक्षण करने के बाद सड़क किनारे और औद्योगिक क्षेत्र में गंदगी देखकर अधिकारियों के ऊपर भड़क गए। सड़क किनारे कूड़े का ढेर पड़ा होने और मकान का मलबा पड़ा होने पर उन्होंने अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने तत्काल अधिकारियों को सड़क किनारे गंदगी और कूड़े के ढेर को सुबह के समय उठाने और उसे व्यवस्थित करने का निर्देश दिया।

कचरे के स्थान पर लहराने लगी हरियाली

कहते हैं कि यदि हम अपने मन में अच्छा काम करने की सोच ले तो वह काम पूरा हो जाता है। ऐसा की एक नजारा इंदिरापुरम क्षेत्र का है। इंदिरापुरम क्षेत्र में जहां पहले कूड़े के पहाड़ दिखाई देते थे। उन पहाड़ों को नगर निगम के उद्यान विभाग की टीम ने खत्म कर हरियाली का नया स्वरूप दे डाला। नगर निगम के इस कार्य से जहां एक ओर हरियाली को बढ़ावा मिल रहा है तो वहीं दुसरी प्रदूषण भी कम होगा।
बताया जाता है कि पिछले कई वर्षों से इंदिरापुरम क्षेत्र में कई एकड़ में कूड़े का पहाड़ बना हुआ है। जिसे नगर निगम की टीम धीरे-धीरे खत्म कर रही हैं। उद्यान विभाग की टीम ने पहले चरण में उक्त पहाड़ के 1 एकड़ हिस्सों को साफ कर वहां पौधे रोपित किए। आज वहीं छोटे-छोटे पौधे अब धीरे-धीरे पेड़ का रूप लेते जा रहे हैं। आज वहां कूड़े की पहाड़ की बदबू नही, बल्कि हरे भरे वृक्ष लहराते नजर आ रहे है।
उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने बताया कि इसी प्रकार पूरे 11 एकड़ में धीरे-धीरे पौधारोपण कर कूड़े वाले स्थान को हरा-भरा किया जाएगा। जिसमें मुख्य मार्गों के सेंट्रल वर्ग तथा ग्रीन बेल्ट को पूर्ण रूप से व्यवस्थित करने के लिए टीम कार्य करती दिखाई दे रही है। सेंट्रल वर्ज में पानी का छिड़काव भी नियमित रूप से हो रहा है। साथ ही ही शहर में पेड़ों की कटाई का कार्य भी चल रहा है।