कैमरों से सेफ सिटी बनाना शहर के हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी: इन्द्र विक्रम सिंह

  • जनहित योजनाओं में शहर वासी करें सहयोग, तभी सुरक्षित होगा शहर: विक्रमादित्य सिंह मलिक
  • कैमरा इंटीग्रेशन व गाजियाबाद 311 ऐप को लेकर निगम ने किया जागरूक

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी सेफ सिटी योजना के तहत शहर में सीसीटीवी कैमरों को इंटीग्रेशन करने के साथ-साथ गाजियाबाद 311 ऐप को लेकर नगर निगम द्वारा शुक्रवार को भव्य रूप में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नेहरू नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में शहरवासियों को जागरूक किया गया। इस दौरान एडीएम एलए राजेश कुमार, अपर नगर आयुक्त अरुण यादव, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, सहायक नगर आयुक्त पल्लवी सिंह समेत निगम के विभागीय अधिकारी, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल आदि उपस्थित हुए। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि शहर को सेफ सिटी बनाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जनहित की योजनाओं में शहरवासियों से सहयोग करने की अपील की गई। प्रदेश सरकार की सेफ सिटी योजना के तहत सीसीटीवी कैमरों का इंटीग्रेशन तथा गाजियाबाद 311 ऐप के बारे में जानकारी दी गई। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह और पुलिस उपायुक्त शुभम पटेल ने शहरवासियों को कैमरा इंटीग्रेशन व गाजियाबाद 311 ऐप के प्रति जागरूक किया। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शहर हित में कैमरा इंटीग्रेशन के कार्य में अपना कदम आगे बढ़ाएं। शासन की योजनाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए भी उत्साहित किया। शहर में चल रहे सरकार के कार्यों के पूरा होने से शहरवासियों को लाभ मिलेगा। नगर निगम की योजनाओं में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने कहा कि जनहित में प्रदेश शासन की योजनाओं पर लगातार नगर निगम कार्य कर रहा हैं।

कार्यक्रम में शहर के आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, व्यापारी बंधु, बैंकर्स, स्कूल, कॉलेजों के प्रबंधक, प्रतिष्ठान, डिजिटल वालंटियर फोर्स, सिविल डिफेंस, गाजियाबाद टीम 100 व अन्य कई सामाजिक संस्थाओं के वॉलिंटियर व शहर के गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया। नगर निगम द्वारा शहर को सुरक्षित बनाने के लिए शहरवासियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए कैमरा इंटीग्रेशन का कार्य किया जा रहा है। इसमें सहयोग करने की अपील की गई। इसी प्रकार गाजियाबाद 311 ऐप शहरवासियों की मूलभूत सुविधा पूर्ण करने के लिए लाया जा रहा है। इसमें 66 प्रकार की निगम से संबंधित शिकायतों का निस्तारण हो सकेगा। इसके लिए उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया। इसके अलावा शहर में पॉलिथीन मुक्त अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, कूड़ा सेग्रीगेशन के कार्य में विशेष सहयोग करने की अपील की गई। कैमरा इंटीग्रेशन एवं गाजियाबाद 311 ऐप को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी अपने-अपने विचार रखे। उन्होंने शहरवासियों के हित में एकजुट होकर वृहद स्तर पर अभियान के रूप में कार्य करने का निर्णय लिया। पुलिस उपायुक्त शुभम पटेल ने अंत में सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। नगर आयुक्त ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को कार्यक्रम सफल बनाने के लिए धन्यवाद प्रकट किया।