आस्था का पर्व छठ की तैयारी में जुटा नगर निगम, नगर आयुक्त ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

गाजियाबाद। आस्था का पर्व छठ को लेकर नगर निगम ने अपनी तैयारी शुरु कर दी है। पिछले कई दिनों से निगम क्षेत्र स्थित छठ घाटों की साफ-सफाई जारी है। दीपावली का त्योहार सकुशल संपन्न होने के पश्चात निगम नगर निगम का लक्ष्य छठ पर्व को संपन्न कराना है। इसकी लगातार मानिटरिंग भी हो रही है। नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ द्वारा प्रात: कालीन नगर भ्रमण के दौरान छठ घाटों की व्यवस्था का जायजा लिया गया। जहां मौके पर सभी विभागीय अधिकारियों को भी उपस्थित रहने के लिए कहा गया। शहर के समस्त छठ घाटों की मरम्मत में रंगाई-पुताई का कार्य जोरों पर चल रहा है। साथ ही संबंधित छठ पर्व मनाने वालों से भी लगातार संपर्क रखते हुए कार्यों को कराया जा रहा है। अधिकांश पुरबिया समाज की समितियों द्वारा नगर आयुक्त के माध्यम से अधिकारियों को छठ घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं करने के लिए अवगत कराया गया।

श्रद्धालुओं के आवागमन में मार्गों की सफाई व्यवस्था व पूर्ण रूप से गड्ढा मुक्त की व्यवस्था, मार्गों में प्रकाश व्यवस्था, छठ घाटों का सौंदर्यकरण, छठ घाटों पर सफाई व्यवस्था, स्वच्छ पानी के टैंकरों की व्यवस्था, छठ घाटों पर शौचालय व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर निर्देश दिए गए। नगर निगम द्वारा कराए जा रहे कार्यों में किसी प्रकार की श्रद्धालुओं को परेशानी ना हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जिसमें क्षेत्रीय पार्षदों का भी विशेष योगदान निगम की टीम को मिल रहा है।

मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ के निर्देशानुसार त्योहारों से पूर्व तथा त्योहारों के बाद भी सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश डॉ मिथिलेश नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए हैं। जिसके अनुरूप उनके द्वारा कार्यवाही कराई जा रही है। छठ घाटों पर फागिंग की व्यवस्था को भी बेहतर करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ रंग बिरंगी लाइट से सौंदर्यीकरण करने के लिए भी कहा गया है।

नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने बताया कि छठ घाटों तक जाने वाले रास्तों का जायजा भी लिया जा रहा है। जरुरत के हिसाब से इसे सुगम बनाया जाएगा। घाट तक पहुंचने में व्रतियों को कोई परेशानी न हो, इसको लेकर निगम पूरी तरह तत्पर है। इसी तरह आवश्यकता अनुसार घाटों पर रोशनी की भी समुचित व्यवस्था रहेगी।
घाटों पर साफ-सफाई व अन्य तैयारी में कोई त्रुटि न रहे, इसके लिए निगम के स्तर से समय पूर्व ही यह मुहिम शुरु कर दिया है। छठ घाट के अलावा भी निगम क्षेत्र में कई और तालाब हैं, जिसकी सफाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। शहरी क्षेत्र में तालाब और छठ घाटों पर भी साफ-सफाई व सुरक्षात्मक इंतजाम किए जा रहे है।

प्रत्येक छठ घाट के लिए तय की गई निगम अधिकारियों की जिम्मेदारी
हिंडन नदी छठ घाट जहां पर सबसे अधिक श्रद्धालुओं का आना होता है। वहां पर विशेष सभी व्यवस्थाओं के साथ साथ संबंधित अधिकारी को भी जिम्मेदारी दी गई है कि मौके पर किसी प्रकार की श्रृद्धांलुओं को असुविधा ना हो। इसके अलावा अन्य छठ घाटों पर भी नगर आयुक्त के निर्देशानुसार जोनल प्रभारी समेत कई अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है या यूं कहे कि प्रत्येक छठ घाट पर व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए नगर निगम के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। ताकि किसी प्रकार की असुविधा नगर निगम सीमा अंतर्गत श्रद्धालुओं के छठ घाटों पर ना हो। हिंडन छठ घाट, मोहन नगर छठ घाट, लाल कुआं स्थित छठ घाट कवि नगर स्थित छठ घाट व अन्य छठ घाटों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, डॉ मिथिलेश नगर स्वास्थ्य अधिकारी, महाप्रबंधक जल आनंद त्रिपाठी, प्रकाश व्यवस्था के लिए योगेंद्र यादव, निर्माण टीम से देशराज व अन्य टीम उपस्थित रहे।