आश्रय स्थलों में नगर निगम ने बढ़ाई सुविधाएं

गाजियाबाद। नगर निगम सीमा अंतर्गत 12 स्थाई आश्रय स्थल है, जिनमें निराश्रितों एवं बेघर व्यक्तियों द्वारा शीत ऋतु में आश्रय लिया जाता है, जिनको सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम द्वारा टीवी, पानी, लाइट, रसोई, स्नानघर, शौचालय, सोने के लिए बिस्तर इत्यादि की व्यवस्था कराई जाती है, जिसके लिए महापौर आशा शर्मा नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तवर द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। नगरायुक्त ने बताया कि गत वर्षो की भांति इस वर्ष भी सभी आश्रय स्थलों में सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही शेल्टर होम्स की संख्या को आवश्यकतानुसार बढ़ाते हुए पांच अस्थाई शेल्टर होम्स और लगाए जाएंगे ताकि बेघर व्यक्तियों को शीत ऋतु में किसी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े। अस्थाई आश्रय स्थलों की संख्या आवश्यकता को देखते हुए आगे भी बढ़ाई जाएगी। नगरायुक्त ने समस्त जोन के जोनल प्रभारियों को पत्र के माध्यम से अपने-अपने जोन में स्थित शेल्टर होम्स में प्रदान की जाने वाली मूलभूत सुविधाओं का प्रतिदिन जायजा लेने के लिए आदेशित किया है ताकि प्रत्येक शेल्टर होम्स की स्थिति को आवश्यकतानुसार बदला जा सके। अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार को समस्त शेल्टर होम्स में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु एक सप्ताह का समय दिया गया है ताकि सभी आवश्यक सुविधाएं आश्रितों के लिए नगर निगम द्वारा समय रहते उपलब्ध की जा सके और शीत ऋतु में एक सुरक्षित स्थान निराश्रित बेघर व्यक्तियों को नगर निगम उपलब्ध कराया जा सके। शेल्टर होम्स की व्यवस्थाओं को जांचने के लिए पार्षदों का भी विशेष सहयोग नगर निगम द्वारा लिया जा रहा है।