2022 में शहर को अनेक सौगात देगा नगर निगम : नगरायुक्त

-5 स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स, कूड़ा सेग्रीगेसन फैक्ट्री और मिलेगा ऑडिटोरियम

गाजियाबाद। नए साल के आगाज के साथ नगर निगम ने भी शहर हित में जबरदस्त तैयारियां कर रखी हैं। साल 2022 में शहरवासियों को महत्वपूर्ण तोहफे दिए जाएंगे। इन प्रोजेक्ट्स पर कई करोड़ रुपए खर्च होंगे। यानी नए साल में नागरिकों को कई तकलीफ से भी निजात मिलने की उम्मीद है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि 2022 में नगर निगम द्वारा नागरिकों को कई सौगातें दी जाएंगी। खिलाडिय़ों को जहां स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स की सौगात मिलेगी, वहीं पं. दीन दयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम नेहरू नगर के अलावा कूड़ा सेग्रीगेसन फैक्ट्री भी अस्तित्व में आ जाएगी। निजी संस्थाओं के साथ मिलकर शहर में नगर निगम 5 स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स तैयार करेगा। इसके लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना सहित कई अन्य पूर्व खिलाडिय़ों ने इन स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स के संचालन में दिलचस्पी दिखाकर नगरायुक्त महेंद्र सिंह को प्रस्ताव दिया है। जनवरी में कॉम्प्लेक्स संचालन के लिए अनुबंध कर जून तक इन्हें तैयार कर लिया जाएगा।

नगरायुक्त सिंह का कहना है कि शहर में सबसे बड़ा स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स 65 हजार वर्ग मीटर में बनेगा। यह क्रॉसिंग रिपब्लिक के सामने डूंडाहेड़ा में बनाया जाएगा। इसके अलावा राजनगर एक्सटेंशन में 2 और साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र व साहिबाबाद में एक-एक कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर बनेंगे। इनका संचालन भी प्राइवेट कंपनी द्वारा कराया जाएगा। इन कॉम्प्लेक्स में इंडोर और आउटडोर दोनों तरह के खेल की सुविधा पे एंड प्ले के आधार पर मिलेगी। नगर निगम सिर्फ किराए पर जमीन देगा। इसके बाद कॉम्प्लेक्स बनाने में होने वाले खर्च का वहन संस्थाएं करेंगी। इन स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण से जहां खिलाडिय़ों को खेल मैदान मिल जाएंगे, वहीं नगर निगम की भूमि भी सुरक्षित होगी। खिलाडिय़ों को क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शूटिंग, आर्चरी, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो आदि की सुविधा मिलेगी।

नगरायुक्त तंवर ने बताया कि नगर निगम इन कॉम्प्लेक्स के लिए दी जाने वाली भूमि का न्यूनतम किराया तय करेगा। इसका तीसरे साल किराया बढ़ाकर डेढ़ गुना कर दिया जाएगा। जबकि पांच साल बाद आमदनी का 20 फीसदी हिस्सा या किराए में से जो भी रकम ज्यादा होगी, वह नगर निगम को मिलेगी। इससे विभाग को हर साल करोड़ों रुपए की आमदनी होगी। हालाकि पिछले साल में इन योजनाओं को पूरा करने से लेकर संचालन के प्रयास किए गए, मगर यह प्रयास पूरे नहीं हो सके। 2022 से अब नगर निगम को बड़ी उम्मीद हैं। इस पर खुद नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर भी पुरजोर तरीके से कार्य कर रहे हंै। उम्मीद है कि नगरायुक्त के प्रयास से करोड़ों रुपए की योजनाओं की सौगात नववर्ष में लोगों को मिल सकेगी। पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार का निर्माण कार्य पूरा हो चुका हैं। इसका सिर्फ उद्घाटन होना है। गौशाला अंडरब्रिज में जलभराव की समस्या भी दूर की जाएगी।