नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नैन सिंह को चुनाव से नहीं ऐतराज, लेकिन कार्यकारी महामंत्री की कार्यशैली को लेकर है रोष

अध्यक्ष नैन सिंह चौधरी को नहीं है ऐतराज, लेकिन कार्यकारी महामंत्री की कार्यशैली को लेकर है रोष

गाजियाबाद। नगर निगम कर्मचारी संघ चुनाव की सरगर्मी जोरों पर चल रही है। इसके मद्देनजर 2 सितम्बर को आम सभा की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में चुनाव कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जानी है। आम सभा की बैठक से पहले कर्मचारी संघ के अध्यक्ष और कार्यकारी महामंत्री के बीच तनातनी सामने आई है। दरअसल अध्यक्ष को भरोसे में लिए बगैर कार्यकारी महामंत्री ने आम सभा की बैठक की तिथि निर्धारित कर विवाद को हवा दी है। इस पर अध्यक्ष ने अब खुलकर बात की है। ऐसे में चुनाव से पहले कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों का आपसी मनमुटाव भी सामने आ गया है। नगर निगम कर्मचारी संघ चुनाव का कार्यकाल अगले माह समाप्त हो जाएगा।

इसके पहले नई कार्यकारिणी का चुनाव कराने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। संघ के कार्यकारी महामंत्री नितिन भारद्वाज ने हाल ही में चुनाव के संबंध में चर्चा करने के लिए आम सभा की बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। यह बैठक आगमाी 2 सितम्बर को होनी है। इस बैठक में चुनाव कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार होनी है। चुनावी तैयारी शुरू होने से कर्मचारियों में भी जोश देखने को मिल रहा है। इस बीच कार्यकारी महामंत्री के निर्णय पर अध्यक्ष नैन सिंह ने ऐजराज जताया है। नैन सिंह का कहना है ना तो उन्हें आम सभा की बैठक को लेकर कोई ऐतराज है और ना ही कर्मचारी संघ के चुनाव को लेकर। उन्हें इस बात का कष्ट है कि कार्यकारी महामंत्री ने बिना मेरे संज्ञान में मामले को लाए आम सभा की बैठक का पत्र जारी कर दिया।

जबकि नियमानुसार अध्यक्ष की अनुमति के बाद ही महामंत्री कोई लिखित पत्र जारी कर सकता है। उधर, कर्मचारियों के एक गुट ने यूनियन के बोर्ड से महामंत्री नितिन भारद्वाज का नाम हटाए जाने को लेकर विरोध जताया है। महामंत्री हिमांशु शर्मा के आकस्मिक निधन के बाद नितिन भारद्वाज को कार्यकारी महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आरोप है कि बोर्ड से नितिन भारद्वाज का नाम हटाकर दिवंगत हिमांशु शर्मा का नाम अंकित कर दिया गया है। इस पर भी कर्मचारियों ने आपत्ति जाहिर की है।