शहीदी दिवस पर शहीदों को राष्ट्रीय व्यापार मंडल एवं लोकदल ने दी श्रद्धांजलि

-शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले

गाजियाबाद। शहर में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, राजनीतिक पार्टियों की ओर से शहीदी दिवस मनाया गया। जगह जगह कार्यक्रम में शहीद भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित कर व देश भक्ति के गीत गाकर याद किया गया। मंगलवार को राष्ट्रीय व्यापार मंडल महानगर अध्यक्ष संजय गोयल के नेतृत्व में घंटाघर स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रतिमा के समक्ष 2 मिनट का मौन धारण करके आजादी के लिए हंसते हंसते फांसी के फंदे को चूमकर अपने प्राणों का बलिदान करने वाले अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव राजगुरु को याद किया। व्यापारी नेता पंडित अशोक भारतीय ने बताया हम सभी को शहीद भगतसिंह, राजगुरु व सुखदेव के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और उनके बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए। हम अपने शहीदों के सपने को साफ सफाई रख कर व सेवा भाव से भी साकार कर सकते है। मेरठ मंडल महामंत्री प्रदीप चौधरी ने कहा ये तीनों महान क्रांतिकारी देश के युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं। इनका बलिदान ही क्रांति का आगाज और स्वतंत्रता की नीव का पत्थर बना। इस मौके पर संदीप त्यागी, संजय कांत शर्मा, जिला महामंत्री राजेश वर्मा, अमित वर्मा, राकेश गर्ग, प्रदीप पाठक, जितेंद्र नागर, वीरेन्द्र कंडेरा, स्वेता शर्मा, डॉ. गौरव सैनी, उमेश पाण्डेय, अक्षित वर्मा आदि मौजूद रहे। वहीं पार्टी कार्यालय पर राष्ट्रीय लोक दल पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहीद दिवस भगत सिंह राजगुरु और सुखदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। राष्ट्रीय प्रवक्ता इंद्रजीत सिंह टीटू ने बताया भगत सिंह, राजगुरू व सुखदेव को 23 मार्च के दिन फांसी दी गई थी। उनके बलिदान को हमें कभी नहीं भूलना चाहिए। देश की आजादी के लिए तीनों हंसते हुए फांसी के फंदे पर झूल गए थे। शहीदों की दी हुई कुर्बानियों की वजह से ही हम खुली हवा में अपना जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष रविंद्र चौहान, अजयवीर चौधरी, शेर सिंह मौर्य, सोनू गुज्जर, संजय कुमार, समीर खान, ललित कुमार, आशीष शर्मा, भूप सिंह आदि उपस्थित रहे।