टैक्स वसूली: अवकाश दिवस में निगम कोष में जमा हुए 40 लाख

गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में विकास कार्यों को तेजी देने के साथ-साथ नगर निगम द्वारा राजस्व वसूली बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। नगर निगम को स्वावलंबी बनाने के लिए आमदनी बढ़ाने की कवायद की जा रही है। जिन स्त्रोतों से राजस्व वसूली बढ़ सकती है, उस पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। संपत्ति कर से होने वाली आमदनी का नगर निगम के राजस्व में सबसे बड़ा योगदान है। नगर निगम के लिए हाउस टैक्स ही राजस्व वसूली का सबसे बड़ा जरिया है। जिसे बढ़ाने के लिए अवकाश दिवस में भी कैंप लगाकर टैक्स की वसूली की जा रही है। जिसमें लगभग 40 लाख रुपए निगम के खाते में जमा हुए। जोनल प्रभारी ने अपने-अपने क्षेत्र में कैंप लगवाएं। नगर निगम का शनिवार व रविवार 2 दिन अवकाश रहा। जिसमें टैक्स विभाग की ड्यूटी रही। जिनके द्वारा सम्मानित करदाताओं की सहूलियत के लिए कैंप लगाए गए।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की मोटिवेशन से जोनल प्रभारी द्वारा कर वसूली बढ़ाने के लिए कार्यवाही बढ़-चढ़कर की जा रही है। जिसमें सिटी जोन द्वारा अपनी कार्यशैली में बदलाव किया गया और योजनाबद्ध तरीके से हाउस टैक्स वसूली के लिए टीम ने कार्य किया। जिसकी रफ्तार बढ़ती दिखाई दे रही है। नगर आयुक्त द्वारा भी टीम की प्रशंसा की गई और सुधार को बनाए रखने के लिए भी कहा गया। इसी क्रम में सभी जोन कर वसूली को लेकर बेहतर कार्य कर रहे हैं। हाउस टैक्स जमा करने के साथ-साथ सेल्फ एसेसमेंट फॉर्म भी भर गए, यूजर चार्ज की भी वसूली की गई। टैक्स विभाग से संबंधित अन्य कार्य भी जारी रहे। वसुंधरा जोन द्वारा लगभग 14 लाख की वसूली की गई। कवि नगर जोन द्वारा 9 लाख 43000 की वसूली, सिटी जोन द्वारा 10 लाख 64000 की वसूली, मोहन नगर जोन द्वारा 9 लाख 54000 की वसूली, विजयनगर के अंतर्गत 2 लाख 55000 की वसूली हुई।

नगर आयुक्त के नेतृत्व में नगर निगम की आय का ग्राफ पूर्व के सापेक्ष लगातार बढ़ रहा है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया हमारी कोशिश है कि नगर निगम की आय बढ़े, जिससे शहर के विकास कार्य कराए जा सकें। हाउस टैक्स ही राजस्व का मुख्य जरिया है। इसलिए हम शत प्रतिशत वसूली करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया आप घर बैठे भी अपना हाउस टैक्स जमा कर सकते हैं। अपना-अपना हाउस टैक्स जमा कर शहर हित में नगर निगम का सहयोग करें। लोगों की सहूलियत के लिए अवकाश के दिनों में भी कैंप लगाया जा रहा है। जिससे लोगों को हाउस टैक्स जमा करने के लिए नगर निगम के चक्कर न काटने पड़े। वह या तो घर बैठे ऑनलाइन टैक्स जमा कर सकतें है या फिर घर के आसपास लगने वाले कैंप में भी जमा कर सकते हैं।