प्रभू श्रीराम के चरित्र को जीवन मे उतारने की जरूरत: पंडित गुंजन शर्मा

-गढ़वाल कुमाऊं रामलीला समिति में हुआ भव्य रामलीला का मंचन

गाजियाबाद। भगवान राम ने जिस जीवन मूल्य को जीया वह आज भी जीवित है। उनके जीवन से लोगों को प्रेरणा लेनी चाहिए। साथ ही विरासत में मिली अपनी महान संस्कृति को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है। इसमें रामलीला का मंचन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि आज रामलीला का मंचन भारत में ही नहीं, बल्कि विश्व के कई देशों में हो रहा है। यह बातें प्रताप विहार में आयोजित गढ़वाल कुमाऊं रामलीला समिति में दर्शकों को संबोधित करते हुए महानगर मंत्री पंडि़त गुंजन शर्मा ने कहीं। उन्होंने कहा भगवान राम के जीवन चरित्र से प्रेरित होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में मानवता के श्रेष्ठ मूल्यों को स्थापित करने में लगे हुए हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम राम ने जो आदर्श सामने रखा, वह जीवन जीने का श्रेष्ठ मूल्य है। जिसके अंदर अहंकार व लोभ आ गया उसका अंत निश्चित है। यह रावण के पात्र से सबक मिलता है। गढ़वाल कुमाऊं रामलीला समिति द्वारा महानगर मंत्री पंडित गुंजन शर्मा, मनोज पंत, प्रिंस राठौर मंत्री मंडल राजनगर, कुलदीप सिंह को स्मृति चिन्ह एवं फूलों की माला पहना कर स्वागत किया गया। बता दें कि कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर के चलते शहर में इस बार रामलीला का मंचन नही किया जा रहा है। मगर शासन की गाइडलाइन के अनुसार क्षेत्रों में होने वाली छोटी-छोटी रामलला में मंचन किया जा रहा है।