107 साल बाद भारत पहुंची मां अन्नपूर्णा देवी की प्रतिमा यात्रा का जोरदार स्वागत

-प्रधानमंत्री के प्रयासों से भारत का हो रहा सांस्कृतिक पुनजार्गत: वीके सिंह
-भाजपाईयों ने फूलों की वर्षा कर शोभा यात्रा को किया गतंव्य के लिए रवाना

गाजियाबाद। वाराणसी से करीब 107 साल बाद करीब 300 वर्ष पुरानी चोरी की गई मां अन्नपूर्णा की मूर्ति फिर से वाराणसी में स्थापित होगी। कनाडा से बरामद बेशकीमती मूर्ति को कनाडा सरकार से भारत को सौंपा है। 15 नवंबर को वाराणसी के श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में अब यह मूर्ति स्थापित की जाएगी। दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने गुरूवार को मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा को प्रदेश के मंत्री सुरेश राणा और नीलकंठ तिवारी को प्रतिमा सौंपी। दिल्ली से यह प्रतिमा आनंद विहार के रास्ते यात्रा के रूप में उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते हुए गाजियाबाद में पहुंची। प्रतिमा को ट्रक पर फलों से सजाकर रखा हुआ था। गाजियाबाद में यात्रा प्रवेश करने पर पेसिफिक मॉल के बाहर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत करते हुए पुष्प वर्षा की। जिसके बाद यात्रा मोहननगर पहुंची, जहां भाजपा की ओर से औपचारिक स्वागत का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मोहननगर में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री वीके सिंह, मेयर आशा शर्मा, साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, दुधेश्वरनाथ मंदिर के मंहत नारायण गिरी, मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी, लोनी विधायक नंदकिशोर, अशोक मोंगा, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, महानगर मंत्री संयोजक पंडित गुंजन शर्मा, एडीएम सिटी विपिन कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह, एसडीएम सदर विनय सिंह ने यात्रा का जोरदार स्वागत करते मां अन्नपूर्णा का आर्शीवाद लिया। केन्द्रीय मंत्री वीके सिंह ने बताया कि सौ साल से भी ज्यादा समय पहले 1903 में मां अन्नपूर्णा की मूर्ति वाराणसी से चोरी हो गई थी और कई हाथों और देशों से होते हुए मां अन्नपूर्णा की मूर्ति कनाडा पहुंच गई थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से यह मूर्ति पुन: भारत में वापस आ गई है। यह प्रतिमा 15 नवंबर को काशी अन्नपूर्णा देवी मंदिर में पुन: स्थापित किया जाएगा।

मेयर आशा शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मां अन्नपूर्णा की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा विशेष मुहूर्त में पूरे विधि विधान से किया जाएगा। सनातन धर्म की विरासत का सांस्कृतिक और धर्म की राजधानी में पुन: स्थापना बड़े हर्ष का विषय है। इसका पूरा श्रेय पीएम मोदी को जाता है। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा की मौजूूदगी में पूर्ण विधि-विधान व पूजन के साथ मोहन नगर स्थित दुर्गा मंदिर के प्रांगण में वंदन अभिनंदन किया गया। शोभायात्रा मोहननगर से आगे बढ़ते हुए नए बस अड्डा पर चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष नन्द ग्राम मंडल के कार्यकर्ताओं ने स्वागत अभिनंदन किया। इसके बाद घंटाघर के समीप मेन रोड पर स्थित हनुमान मंदिर के समक्ष स्थानीय भाजपा के मंडल, सभी प्रकोष्ठों तथा मीडिया विभाग के प्रतिनिधियों ने यात्रा का स्वागत किया। मां अन्नपूर्णा देवी की भव्य शोभा यात्रा अपने तय रूट के अनुरूप गाजियाबाद, गौतबुद्धनगर, बुलंदशहर, हरिगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, मैनपुरी, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ और जौनपुर होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। यात्रा मोहन नगर, चौधरी चरण सिंह प्रतिमा नया बस अड्डा, घंटाघर हनुमान मंदिर, राकेश मार्ग मोड़, लालकुआं पहुंची। जहां प्रतिमा को नोएडा जिले को सौंप दिया गया।