जनपद में प्रतिबंधित प्लास्टिक का रूकेगा इस्तेमाल, नगरायुक्त ने संभाली कमान

गाजियाबाद। जनपद में प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए 29 जून से जिलेभर में विशेष अभियान की शुरुआत होगी। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने इस संबंध में नगर निगम के अलावा चारों नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत की जिम्मेदारी तय कर दी है। यह अभयान 29 जून से 3 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान एकल उपयोगी की प्लास्टिक की वस्तुओं एवं प्लास्टिक पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने एवं प्लास्टिक एकत्रित करने पर जोर दिया जाएगा।

जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत के अधिशास और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक की। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह ने अपर नगर मजिस्ट्रेट निखिल चक्रवर्ती,नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मिथिलेश कुमार,क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी उत्सव शर्मा एवं नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए रिडक्शन जागरूकता सर्कुलर सोल्यूशन एडं मास इंगेजमेंट जनजागरूकता अभियान के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने कहा कि जनपद में एकल उपयोगी वाली प्लास्टिक वस्तुओं की वजह से होने वाले प्रदूषण को कम करने की दिशा में विशेष अभियान चलाया जाएगा। सिंगल यूज प्लास्टिक के एकत्र करने और निर्माण आदि पर प्रतिबंध लगाने के लिए वृहद् स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए शहर से लेकर कस्बों में सार्वजनिक स्थल,बस अड्डे, बाजारों, मंडी, रेलवे लाइन, रेलवे स्टेशन,कार्यालय परिसर,खाली पड़ी भूमि, घाट एवं नदी-नालों के किनारे आदि स्थलों पर प्लास्टिक अपशिष्ट को एकत्रित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश शासन पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन अनुभाग के निर्देशानुसार एकल उपयोगी वाली प्लास्टिक वस्तुओं की वजह से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए यह कार्रवाई की जाएगी।

सिंगल यूज प्लास्टिक के एकत्र करने और पुर्नचक्रण एवं उस पर प्रतिबंध लगाने के लिए जनपद में वृहद स्तर पर रेस जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उक्त स्थानों पर व्यापक स्तर पर आमजन का सहयोग एवं राजकीय संसाधनों की सहायता से प्लास्टिक अपशिष्ट को एकत्रित कराते हुए उसे ब्रांड ऑनर्स एवं रिसाइकिलिर्स के माध्यम से निस्तारित कराया जाना सुनिश्चित कराएं। ताकि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सके।

जनपद को साफ-सुथरा एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्य में नगर निगम भी अपना सहयोग दे रहा है। बैठक कर संबंधित अधिकारियों को रिडक्शन जागरूकता सर्कुलर सोल्यूशन एडं मास इंगेजमेंट जन-जागरूकता अभियान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान का भविष्य में व्यापक असर देखने को मिलेगा।
महेंद्र सिंह तंवर
नगरायुक्त
गाजियाबाद नगर निगम