गाजियाबाद में तेंदुए की शक्ल का मृत जानवर मिलने से मचा हड़कंप

गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ रोड पर शनिवार को तेंदुए का शव मिलने की खबर से एकाएक सनसनी फैल गई। जरा सी देर में मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी आ पहुंची। वन विभाग ने बरामद शव तेंदुए का होने से साफ इंकार किया है। विभाग का कहना है कि वह फिशिंग कैट है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बता दें कि कुछ माह पहले शहर की पॉश कॉलोनी राजनगर में तेंदुए देखा गया था। इसके बाद एकाएक हडक़ंप मच गया था। वन विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद तेंदुआ हाथ नहीं आ पाया था। उधर, दिल्ली-मेरठ मार्ग पर अबूपुर गांव के पास रिलायंस पेट्रोल पंप है। पेट्रोल पंप और पब्लिक स्कूल के मध्य में खाली भूमि पड़ी है। जहां तेंदुए जैसे जानवर का शव पड़ा मिला। तेंदुए का शव होने की खबर से मौके पर काफी भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने इसकी सूचना पुलिस एवं वन विभाग को दी। नागरिकों का दावा है कि इस क्षेत्र में काफी समय से तेंदुआ घूम रहा है। इस बीच वन विभाग के मोदीनगर रेंज के अधिकारी राजेश कुमार, वन दारोगा महेंद्र सिंह व संजीव कुमार आदि ने मौके पर जाकर छानबीन की। तदुपरांत शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। वन विभाग के रेंज अधिकारी राजेश कुमार के मुताबिक वह तेंदुए नहीं बल्कि फिशिंग कैट का शव था। फिशिंग कैट सिर्फ मछली खाकर जिंदा रहती है। यह तेंदुए जैसी नजर आती है। इस कारण नागरिक अक्सर धोखा खा जाते हैं। संभवत किसी वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर सच्चाई सामने आ जाएगी।