निगम में कागज की खपत होगी कम, ऑनलाइन होंगे अधिकांश काम

-नगरायुक्त महेंन्द्र सिंह तंवर ने नगर निगम के कामकाज में पेपर का कम इस्तेमाल करने का दिया निर्देश

गाजियाबाद। शहर के विकास कार्यो के साथ-साथ गाजियाबाद नगर निगम पर्यावरण संरक्षण पर भी फोकस कर रहा है। नगर निगम के रोजमर्रा के कामकाज में भी ऐसी व्यवस्था अपनाने पर जोर दिया जा रहा है, जो पर्यावरण को कम से कम नुकसान पहुंचाए। इसी कड़ी में नगर आयुक्त महेंन्द्र सिंह तंवर ने पेपर के कम से कम इस्तेमाल करने को लेकर विशेष निर्देश जारी किया है। नगर आयुक्त का कहना है कि जहां तक संभव हो अधिकांश कार्य ऑनलाइन, ई-मेल एवं अन्य डिजीटल माध्यम से किया जाए और जरूरत होने पर ही कम्पयूटर प्रिंटर से पेपर का प्रिंट निकाला जाए। हर हाल में कम से कम पेपर का इस्तेमाल किया जाए। नगर आयुक्त ने निगम के सभी विभागों के कामकाज को सिस्टेमेटिक करने के लिए विभागवार फार्मेट जारी किया है।
शुक्र्रवार को नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने नगर निगम मुख्यालय में नजारत और लाइट विभाग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने नजारत विभाग के रजिस्टरों को चेक किया। वहीं, सामान की आपूर्ति से लेकर रिकॉर्ड आदि के बारे में नजारत प्रभारी पूरण शर्मा से जानकारी ली। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह ने निरीक्षण करने के बाद निगम के सभी विभागों को फॉर्मेट फार्म जारी किया गया। इसमें सभी विभागों की सामग्री की रिपोर्ट, उपस्थित कर्मचारियों की रिपोर्ट एवं नगर निगम के सभी स्टोर में रखी सामग्री की रिपोर्ट विभागों को देनी होगी। ताकि सभी कार्य सिस्टेमेटिक तरीके से हो सके। नगर आयुक्त ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग अपने-अपने विभाग से संबंधित रिपोर्ट तैयार करेंगे।
नजारत विभाग में नगर आयुक्त के समक्ष नजारत प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह एवं लिपिक पूरन शर्मा द्वारा संबंधित दस्तावेज पेश किए। नगर आयुक्त ने रोजाना जारी किए जाने वाले सामानों का रजिस्टर की जांच की। प्रत्येक समान की अलग-अलग रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें सबसे अधिक प्रतिसाल मंगाए जाने वाली सामग्री के रजिस्टर को भी चेक किया। औचक निरीक्षण में नगर आयुक्त ने पाया कि सभी विभागों द्वारा पेपर की अधिक खपत की जा रही है और पेपर एवं फाइलों का अनावश्क इस्तेमाल हो रहा है। नगर आयुक्त ने फाइलों की खपत कम करने के लिए नजरत प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंंह को पेपर का कम इस्तेमाल करते हुए ऑनलाइन कार्यों को वरीयता देने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि पेपर बनाने के लिए रॉमेटिरियल के रूप में पेड़ों का इस्तेमाल होता है। ऐसे में पर्यावरण का ध्यान रखते हुए हमें कम से कम पेपर का इस्तेमाल करना चाहिए। नगर निगम के अधिकांश कार्य ऑनलाइन एवं डिजिटल तरीकों से किया जाए। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, आलोक शर्मा आदि मौजूद रहे।