निगम कर्मचारी की मौत के बाद हंगामा

-कूड़ा डंफर चालक की चैनल लोडर के नीचे दबने से हुई मौत के बाद सफाई कर्मचारियों ने निगम मुख्यालय, नंदग्राम थाना और अस्पताल में जमकर हंगामा किया। कर्मचारियों ने मृतक के आश्रितों को मुआवजा और नौकरी देने की मांग की। हंगामे की सूचना के बाद अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने उनकी मांग मानते हुए 5 लाख रुपए मृतक के आश्रितों को मुआजवा देने और मृतक की पत्नी को नौकरी देने का आश्वासन देकर कर्मचारियों को शांत किया।

गाजियाबाद। नगर निगम में ठेके पर कार्यरत कूड़ा डंफर चालक की शुक्रवार रात चैनल लोडर के नीचे दबने से हुई मौत के बाद सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को नगर निगम मुख्यालय पर जमकर हंगामा किया।
कर्मचारियों ने मृतक के आश्रितों को मुआवजा और नौकरी देने की मांग की। नगर निगम मुख्यालय में पहुंचे सैकड़ों कर्मचारियों, महिलाओं और मृतक के परिजनों ने हंगामा करते हुए मुआवजा देने की मांग की। सफाई कर्मचारियों के हंगामे के चलते भारी संख्या में पुलिस फोर्स भी निगम में तैनात की गई। वहीं, नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मिथिलेश कुमार भी हंगामा करे कर्मचारियों के बीच पहुंचे। कर्मचारियों के हंगामे के चलते अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने उनकी मांग मानते हुए 5 लाख रुपए मृतक के आश्रितों को मुआजवा देने और मृतक की पत्नी को नौकरी देने का आश्वासन देने पर कर्मचारियों को शांत किया। यहां से कर्मचारी वापिस लौट गए। दरअसल, बाल्मीकि कुंज में शैलेश पांडेय (35) पत्नी व बच्चों के साथ रहते थे। वह निगम में ठेके पर वाहन चालक थे। कूड़ा उठाने वाली गाड़ी चैन लोडर पर ड्राइवर था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह नंदग्राम स्थित मरियम अस्पताल के सामने कूड़ा उठा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी में आई कमी को दूर करने के दौरान वह नीचे उतरे और उसे ठीक करने लगे। इसी बीच जैक का प्रेशर टूट गया और शैलेश जैक और गाड़ी के बीच में नीचे दब गए। गाड़ी के नीचे दबने से चैनल लोडर मशीन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई।घटना से गुस्साए कर्मचारियों ने निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया और कई गंभीर आरोप लगाए। कर्मचारियों ने मुआवजे की मांग को लेकर रात में ही मरियम नगर नंदग्राम पुलिस चौकी का घेराव भी किया। शैलेष निगम में ठेकेदार के अंडर में कूड़ा उठाने वाला वाहन चैनल लोडर चलाते थे। यहां से किसी तरह उन्हें निकालकर मरियम अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।