10 करोड़ 25 लाख से शहर की मलिन बस्तियों में चलेगी विकास की बयार

-51 निर्माण कार्य स्वीकृति के लिए डूडा ने सुडा विभाग लखनऊ को भेजी डीपीआर

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना से जल्द ही जनपद में विकास की बयार बहेगी। डूडा विभाग ने शासी निकाय अनुमोदन के उपरांत नगर निगम समेत पांचों विधानसभाओं के निर्माण कार्य की डीपीआर तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेज दी है। जिस पर स्वीकृति के बाद तत्काल कार्य शुरु हो जाएंगे। पांचों विधानसभा के अंतर्गत आने वाली मलिन बस्ती या अल्पविकसित बस्तियों में निर्माण कार्य शुरू हो जाएंगे और निवासियों को राहत मिलेगी।

डूडा के निदेशक एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री अल्पविकसित, मलिन बस्ती, एससीएसपी योजना अंतर्गत प्रस्तावित कार्य को कराने के लिए जिलाधिकारी के नेतृत्व में पूरा कराकर डूडा विभाग के माध्यम से सुडा विभाग को स्वीकृति के लिए डीपीआर भेजी गई है। जिसमें नगर निगम, नगर पालिका परिषद लोनी, नगर पालिका परिषद मोदीनगर को मिलाकर 51 कार्यों की डीपीआर सूची है। जो शासन को प्रेषित की गई है, जिसकी कुल लागत लगभग 10 करोड 25 लाख है। सांसद एवं विधायकों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों के क्रम में डीपीआर तैयार की गई है। अल्पविकसित या मलिन बस्तियों में विकास के कार्यों को तेजी से कराने के लिए जनप्रतिनिधियों के द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर कार्यवाही प्रारंभ करते हुए शासन को डीपीआर भेजी गई है।

जिसमें साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, शहर विधायक अतुल गर्ग, लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, मोदीनगर विधायक मंजू शिवाच के क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली मलिन बस्तियों पर निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर भेजे गए हैं। जिसमें इंटरलॉकिंग टाइल्स तथा नाली निर्माण के कार्य को लिया गया है। जहां नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में विकास कार्यों को कराया गया है। वहीं दूसरी ओर डूडा विभाग से भी नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में मलिन बस्तियों या अल्पविकसित बस्तियों में भी निर्माण कार्य में तेजी दिखाई दे रही है। जोकि सराहनीय है जिसकी जनप्रतिनिधियों द्वारा भी सराहना की जा रही है। जिससे निवासियों को काफी राहत का अनुभव होगा।
नगर निगम के अल्पविकसित बस्तियों में वार्ड संख्या 2, सिद्धार्थ विहार, वार्ड संख्या 7 सुदामापुरी, वार्ड संख्या 35 बुध विहार, वार्ड संख्या 42 मानसरोवर पार्क, वार्ड संख्या 1 भीम नगर, वार्ड संख्या 32 हरबंस नगर, वार्ड संख्या 46 जागृति विहार, वार्ड संख्या 47 महिंद्रा एंक्लेव, वार्ड संख्या 20 भोपुरा, वार्ड संख्या 28 न्यू हिंडन विहार, वार्ड संख्या 29 डिफेंस कॉलोनी, वार्ड संख्या 11 दीनदयाल पुरी, वार्ड संख्या 6 दिन दयाल पुरी के विभिन्न गलियों क्षेत्रों के कार्यों को लिया गया है।

नगर पालिका परिषद लोनी के अंतर्गत वार्ड नंबर 7 विकास कुंज, वार्ड नंबर 13 सरल कुंज, वार्ड संख्या 1 मिल्क चमारन, वार्ड संख्या 30 बाग राणाप, के विभिन्न क्षेत्रों के कार्यों को लिया गया है इसी प्रकार नगर पालिका परिषद मोदीनगर से वार्ड नंबर 15 विश्वकर्मा कॉलोनी, इंद्रपुरी, नंद नगरी, वार्ड संख्या 5 कृष्ण नगर, वार्ड संख्या 3 गौतमपुरी फरीदनगर के विभिन्न क्षेत्रों की मलिन बस्तियों या अल्पविकसित बस्तियों में कार्य कराए जाएंगे जो कि स्वीकृति हेतु शासन को भेजे गए हैं।

नगर निगम सीमा अंतर्गत अल्पविकसित या मलिन बस्ती के अंतर्गत लगभग 7 करोड 17 लाख के कार्य स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं। जिसमें गाजियाबाद विधानसभा के अंतर्गत लगभग दो करोड़ 39 लाख के कार्य हैं। मुरादनगर विधानसभा के अंतर्गत 2 करोड़ 46 लाख के कार्य तथा साहिबाबाद के अंतर्गत लगभग दो करोड़ 31 लाख के कार्य स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं। लोनी विधानसभा के अंतर्गत एक करोड़ 84 लाख के कार्य तथा मोदीनगर विधानसभा के अंतर्गत लगभग एक करोड़ 23 लाख के कार्य स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं।

पांचों विधानसभाओं में अल्प विकसित क्षेत्रों में विकास के लिए लगभग 10 करोड़ 25 लाख के कार्य स्वीकृति के लिए डूंडा विभाग से भेजे गए हैं। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, पीडी डूडा, नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर तथा पीओ डूडा संजय पथरिया द्वारा डीपीआर संबंधित सभी कार्यवाही पूर्ण कर सुडा विभाग के लिए आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजा गया है। स्वीकृति के उपरांत तत्काल आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करते हुए सभी निर्धारित क्षेत्रों में विकास कार्य प्रारंभ कराए जाएंगे।