गालंद में डंपिंग ग्राउंड की चारदीवारी का काम शुरू

-मौके पर पहुंचे नगर निगम के अफसर, किया विचार-मंथन

गाजियाबाद। गालंद में कूड़ा डंपिंग ग्राउंड के लिए नगर निगम ने प्रयास तेज कर दिए हैं। डंपिंग ग्राउंड स्थल के लिए चिन्हित भूमि की चारदीवारी का काम शुरू करा दिया गया है। भारी बारिश के कारण यह कार्य प्रभावित हो रहा था। इस बीच सोमवार को नगर निगम के कुछ अधिकारियों ने मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। वहां चारदीवारी कराए जाने के संबंध में विस्तार पूर्वक विचार-विमर्श किया गया। विभाग को अब मौसम में सुधार होने का इंतजार है ताकि प्रस्तावित कार्य गति पकड़ सके। शहर में कूड़ा निस्तारण के लिए नगर निगम प्रयासरत है। इसके मद्देनजर गालंद में डंपिंग ग्राउंड की तैयारी चल रही है। वहां 44.25 एकड़ भूमि को चिन्हित किया गया है। इस स्थल की चारदीवारी कराई जानी है। इसके चलते सोमवार को नगर निगम की टीम ने गालंद का रूख किया।

मौसम में सुधार होने का इंतजार
अपर नगरायुक्त आर.एन. पांडे, अरुण कुमार यादव, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ, कर्नल दीपक शरण आदि ने गालंद में नगर निगम की भूमि का निरीक्षण किया गया। यह भूमि मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर चिन्हित की गई है। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 45 एकड़ भूमि पर चारदीवारी का कार्य प्रारंभ किया गया है। बारिश के कारण मौके पर जलभराव होने के कारण यह कार्य पूर्ण रूप से प्रारंभ नहीं हो पाया था। अपर नगरायुक्त आर.एन. पांडे ने बताया कि उक्त भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया गया। भूमि पूर्ण रूप से खाली पड़ी हुई है। मौसम साफ होने और जलभराव की समस्या दूर होने पर चारदीवारी के काम में तेजी लाई जाएगी।

मोरटा व सिद्धार्थ विहार से शिफ्ट होंगी मशीनें
शहर में कूड़ा निस्तारण की समस्या निरंतर विकराल रूप धारण कर रही है। इस समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम गंभीरता से काम कर रहा है। इसी क्रम में गालंद में डंपिंग ग्राउंड की स्थापना कराई जा रही है। शहर में प्रतिदिन 950 से 1000 मीट्रिक टन तक कूड़ा-कचरा एकत्र होता है, जिसका निस्तारण करना मुश्किल हो रहा है। नगर निगम क्षेत्र में ट्रांसफर सेंटरों से कूड़े को गालंद में शिफ्ट किया जाएगा। ऐसे में मोरटा व सिद्धार्थ विहार स्थित कूड़ा निस्तारण साइट से कूड़ा निस्तारण मशीनें गालंद साइट पर शिफ्ट कर दी जाएगी। तदुपरांत वहां कूड़ा निस्तारण का काम प्रारंभ हो सकेगा। मिग्सन साइट पर कूड़ा डलना बंद हो चुका है। इसके बाद से डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्र कर ट्रांसफर सेंटरों पर एकत्र किया जा रहा है।

बारिश ने काम में डाला खलल
मौसम में आए बदलाव और तेज बारिश ने गालंद में डंपिंग ग्राउंड के काम को प्रभावित किया है। डंपिंग ग्राउंड तक जाने वाली सड़क की हालत खराब हो चुकी है। यह सड़क जगह-जगह से धंसने के कारण वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। नगर निगम अब मौसम में सुधार आने की प्रतीक्षा कर रहा है। इसके अलावा सड़क को भी दुरूस्त किया जाएगा। उधर, गालंद में डंपिंग ग्राउंड शुरू होने से शहर में कूड़ा-करकट की समस्या से निपटने में बड़ी कामयाबी मिल जाएगी। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर निरंतर इस कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वह मातहतों के साथ समय-समय पर विचार-विमर्श कर उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दे रहे हैं।