पेट्रोल, डीजल के दाम बढऩे का यूथ कांग्रेस ने किया विरोध

-उपलब्धियों के नाम पर असहिष्णुता का माहौल पैदा कर रही भाजपा: वीर सिंह चौधरी

गाजियाबाद। लगातार बढ़ रहे डीजल और पेट्रोल के दाम और प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेसियों ने यूथ कांग्रेस के बैनर तले कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति को संबोधित अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। प्रदेश सचिव वीर सिंह चौधरी ने कहा कि कच्चे तेल के दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी गिर चुके हैं। उस हिसाब से पेट्रोल और डीजल के दाम भी गिरने चाहिए थे लेकिन केंद्र में बैठी मोदी सरकार दाम कम करने के बजाय डीजल, पेट्रोल के दाम आए दिन बढ़ा देती है। सरकार ने पिछले एक वर्ष में डीजल व पेट्रोल पर टैक्स द्वारा ढाई लाख करोड़ रुपए कमाए हैं। लोगों के व्यापार चौपट हो चुके हैं। सरकार को महंगाई पर नियंत्रण करना चाहिए। उन्होंने कहा जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तो भाजपा के नेता पेट्रोल व डीजल के दाम बढऩे पर विरोध प्रदर्शन में सरकार आने पर पेट्रोल का दाम 35 रुपये लीटर करने का दावा करते थे। जबकि आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 70 रुपये प्रति बैरल रह गई है। उस हिसाब से डीजल पेट्रोल के दाम आधे हो जाने चाहिए थे। केंद्र सरकार के पास अपनी उपलब्धियां गिनाने के नाम पर सिर्फ देश में असहिष्णुता का माहौल पैदा करना है। आरोप लगाया कि सत्ता के लालच में भाजपा देश की जनता को एक दूसरे के खिलाफ कर रही है। कांग्रेसियों ने मांग कि महंगाई से जूझ रहे लोगों के दो माह के बिजली के बिल माफ, नगर निगम द्वारा बढ़ाए गए 15 फिसदी हाऊस टैक्स के फैसले को वापस, लॉकडाउन के दौरान की बच्चों की स्कूल फीस माफ की जाए। इस मौके पर सरदार सतनाम सिंह, आशीष प्रेमी समेत कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।