सियासत : विपक्ष आक्रामक, सरकार पर तीखा हमला

हाथरस केस पर कांग्रेस, सपा-बसपा का पारा चढ़ा

लखनऊ। हाथरस गैंगरेप एवं हत्या केस में आज दिनभर सियासी पारा चढ़ा रहा। विपक्षी दलों ने योगी सरकार पर निशाना साधने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। कांग्रेस के अलावा सपा और बसपा ने भी हमलावर रूख अपनाया। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हटाने की मांग तेज हो गई है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने सीएम योगी को हटाकर सूबे में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है। हाथरस गैंगरेप एवं हत्या केस योगी सरकार के गले की फांस बनता नजर आ रहा है। इस घटना के बहाने विपक्षी दलों ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। हाथरस के बाद बलरामपुर में भी दलित युवती की बलात्कार के बाद हत्या की वारदात ने सियासत को गरमा दिया है। कांगे्रस के अलावा सपा-बसपा ने योगी सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री को हटाने की मांग होने लगी है। बसपा सुप्रीमो मायावती का कहना है कि सीएम योगी आदित्यनाथ को हटाकर वापस मठ भेज देना चाहिए। उत्तर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन की जरूरत है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सूबे में कानून व्यवस्था संभालने में सक्षम नहीं हैं। उधर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के कुशासन का असली रंग जनता देख रही है। कपटियों का चोला उतरते अब देर नहीं लगेगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी यूपी सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का नारा बेटी बचाओ नहीं, तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ है। उन्होंने ट्वीट किया यूपी के जंगलराज में बेटियों पर जुल्म और सरकार की सीनाज़ोरी जारी है। कभी जीते-जी सम्मान नहीं दिया और अंतिम संस्कार की गरिमा भी छीन ली। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश में फैले जंगलराज की हद नहीं। मार्केटिंग, भाषणों से कानून व्यवस्था नहीं चलती। यह मुख्यमंत्री की जवाबदेही का समय है। जनता को जवाब चाहिए।