नहीं रहे पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के हनुमान, पं. शिवकुमार पारीक का निधन

-अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा ने जताया शोक, कहा अपूर्णीय क्षति

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के निजी सचिव एवं अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. शिवकुमार पारिक अब नहीं रहे। पारीक का शनिवार को देश की राजधानी दिल्ली में निधन हो गया। वह 83 साल के थे। पारीक का अंतिम संस्कार जयपुर के चांदपोल में रविवार की सुबह किया जाएगा। पं. शिवकुमार पारीक जाना-पहचाना नाम थे। उनके निधन से भाजपा एवं अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा मेंं शोक की लहर दौड़ गई है। ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण मिश्र ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पारीक के निधन की सूचना मिलने के बाद तरूण मिश्र तुरंत नई दिल्ली पहुंच गए। शिवकुमार पारीक लंबे समय तक अटल बिहारी वाजपेयी के बेहद विश्वस्त रहे थे। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की अंतिम समय तक सेवा की थी। पं. शिवकुमार निजी सहायक के तौर पर अटल जी के साथ काम करते थे।

जब अटल जी दिल्ली में रहते थे तो पं. शिवकुमार लखनऊ स्थित उनके संसदीय क्षेत्र के काम-काज को संभालते थे। कई अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी ने शिवकुमार पारीक के घरेलू कार्यक्रमों में भी शिरकत की थी। काफी समय तक शिवकुमार पारीक आरएसएस से जुड़े रहे। चित्रकूट के नानाजी देशमुख ने अटल जी को शिवकुमार पारीक का नाम सुझाया था। वह जयपुर के रहने वाले थे। एक बार उन्होंने अटल जी के साथ काम करना शुरू किया तो अंतिम समय तक उनकी सेवा की। शिवकुमार जी को अटल जी का हनुमान कहा जाता था। उन्होंने अटल जी के राजनीतिक उत्थान को भी काफी करीब से देखा था। उधर, अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण मिश्र ने पं. शिवकुमार पारीक के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि पं. शिवकुमार के निधन से ब्राह्मण महासभा को भी अपूर्णीय क्षति पहुंची है। उन्होंने बताया कि पारीक जी का अंतिम संस्कार रविवार को जयपुर में किया जाएगा।