यमुना एक्सप्रेस-वे पर फास्टैग सुविधा को मंजूरी

एक अप्रैल से लागू होगा नया सिस्टम, मिलेगी राहत

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर फास्टैग से टोल टैक्स के भुगतान का रास्ता क्लीयर हो गया है। एक अप्रैल से यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी। इस एक्सप्रेस-वे पर फिलहाल टोल शुल्क का कैश में भुगतान करने की सुविधा है। फास्टैग सुविधा आरंभ होने से वाहन स्वामियों को भी काफी राहत मिलेगी। यमुना एक्सप्रेस-वे पर फास्टैग से टोल के भुगतान की सुविधा के संबंध में सोमवार को यमुना प्राधिकरण, बैंक और जेपी इंफ्राटेक के मध्य करार हो गया। इसके लिए बैठक बुलाई गई थी। पहले चरण में तीनों टोल पर 2-2 लेन फास्टैग के लिए आरक्षित की जाएंगी। यमुना एक्सप्रेस-वे पर अभी तक फास्टैग की सुविधा नहीं थी। वहां पर वाहन स्वामी कैश में भुगतान कर टोल पार करते हैं। करार होने के बाद एक्सप्रेस-वे पर फास्टैग सुविधा लागू करने की तैयारी पूरी हो गई है। यमुना प्राधिकरण के कार्यालय में आईडीबीआई बैंक, जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड और प्राधिकरण के महाप्रबंधक (जीएम) प्रोजेक्ट केके सिंह ने करार पर दस्तखत किए। यह करार फास्टैग सुविधा शुरू करने हेतु किया गया है। यमुना प्राधिकरण के मुख्य विकास अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुण वीर सिंह ने बताया कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक अप्रैल से फास्टैग सुविधा आरंभ कर दी जाएगी। पहले चरण में यमुना एक्सप्रेस-वे के तीनों टोल (जेवर, मथुरा, आगरा) पर 2-2 लेन फास्टैग के लिए आरक्षित की जाएंगी। जब वाहन स्वामी यहां पर फास्टैग से भुगतान करने के लिए अभ्यस्त हो जाएंगे तो फिर यहां पर कैश लेन को बंद कर दिया जाएगा। फास्टैग की सुविधा शुरू होने से टोल पर लगने वाली लाइन से निजात मिलने की उम्मीद है। अब इस समस्या में से निजात मिल जाएगा।
जनवरी में इतने वाहनों की निकासी
यमुना एक्सप्रेस-वे पर बीते जनवरी माह में स्पेशल व्हीकल 207, एमएवी 63424, ट्रक/बस 76822, एलसीवी 71318, कार/जीप 659937 और दुपहिया वाहन 52126 गुजरे थे।