यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में अडानी समूह करेगा बड़ा निवेश, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

 औद्योगिक निवेश के लिए निवेशकों की पहली पसंद बना यमुना प्राधिकरण क्षेत्र
उदय भूमि ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को लेकर लगातार कई बड़े उद्यमी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इसी कड़ी में देश के सबसे बड़े उद्योग समूह में शुमार अडानी ग्रुप ने भी निवेश की इच्छा जताई है। अडानी ग्रुप ने दो बड़े मेगा प्रोजेक्ट को लेकर प्रस्ताव दिया है। अडानी ग्रुप यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में एक यूनिवर्सिटी और लॉजिस्टिक्स हब प्रोजेक्ट में निवेश करेगा। अडानी ग्रुप के इस निवेश से यमुना सिटी क्षेत्र में हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। अडानी ग्रुप के प्रस्ताव पर जल्द ही प्रदेश सरकार से अनुमति मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक यमुना सिटी क्षेत्र में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और फिल्म सिटी के पास अडानी ग्रुप बड़ा निवेश करेगा। अडानी ग्रुप 700 एकड़ एरिया में अडानी लॉजेस्टिक हब और 300 एकड़ एरिया में स्किल डिवलेपमेंट यूनिवर्सिटी स्थापित करेगा। इसके लिए जमीन आवंटन के लिए यमुना प्राधिकरण ने अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है। अडानी के मेगा इनवेस्टमेंट को लेकर प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। अडानी ग्रुप दोनों प्रॉजेक्ट के माध्यम से यमुना सिटी क्षेत्र में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा। इस प्रोजेक्ट के माध्यम से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूपसे रोजगार मिलेगा।

 


अडानी ग्रुप 300 एकड़ जमीन पर स्किल डिवलेपमेंट यूनिवर्सिटी बनाएगा। इसके लिए अडानी ग्रुप की ओर से 50 प्रतिशत आवंटन धनराशि एडवांस देने के लिए यूपी सरकार को प्रस्ताव भेजा है। यूनिवर्सिटी का अडानी ग्रुप की ओर से प्रस्ताव आने के बाद शासन ने पत्र यमुना अथॉरिटी को भेज दिया है। यमुना अथॉरिटी शासन के निदेर्शों पर काम शुरू करने जा रही है। वहीं, अडानी ग्रुप ने दूसरे मेगा प्रॉजेक्ट का प्रस्ताव यमुना सिटी में मल्टी मॉडल लॉजेस्टिक हब बनाने का दिया है। अडानी ग्रुप यमुना सिटी में अडानी लॉजेस्टिक हब लिमिटेड बनाएगा। राज्य सरकार की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया है कि लॉजेस्टिक हब के लिए 700 एकड जमीन की जरूरत पड़ेगी। इसके लिए 700 एकड़ जमीन अलॉट की जाए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इन दोनों प्रॉजेक्ट के माध्यम से अडानी ग्रुप 21 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 42 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार देगा। इस प्रॉजेक्ट में अडानी ग्रुप पहले चरण में 28 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगा। अडानी ग्रुप इस प्रॉजेक्ट के लिए किए जाने वाले जमीन अधिग्रहण की लागत का 50 प्रतिशत पैसा एडवांस देगा। समूह यह पैसा कभी भी भुगतान करने के लिए तैयार है। जिससे जमीन आंवटन की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। उत्तर प्रदेश शासन ने अडानी समुह के प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। संभव है कि जल्द ही इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिल जाये।