नीलामी के जरिए होगा कमर्शियल भूखंडों का आवंटन

ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक, संस्थागत व आईटी के भूखंडों का आवंटन नीलामी के जरिये किया जाएगा। व्यावसायिक भूखंडों के आवंटन में पहले से यह नियम लागू है। अभी तक यह आवंटन लॉटरी व साक्षात्कार के जरिये किया जा रहा था। वहीं, यमुना प्राधिकरण जल्द आवंटन दरें बढ़ाएगा। इसकी घोषणा जल्द की जाएगी। यहां भी घर, उद्योग, दुकान बनाना महंगा हो जाएगा। यमुना प्राधिकरण के बोर्ड ने आईटी, संस्थागत और औद्योगिक भूखंडों के आवंटन के नियम बदल दिए हैं।

पहले आवंटन लाटरी और साक्षात्कार के जरिए किया जाता रहा है। अब इन भूखंडों का आवंटन नीलामी के जरिए किया जाएगा। हालांकि आगामी मेडिकल डिवाइस पार्क की योजना को इससे अलग रखा गया है। इस योजना में भूखंडों का आवंटन लाटरी के जरिए की होगा। बाकी योजनाओं में नए नियम लागू होंगे। नीलामी के चलते अब लोगों को अधिक पैसा खर्च करना पड़ेगा। यमुना प्राधिकरण ने जमीन की आवंटन की दर बढ़ाने के लिए बोर्ड में प्रस्ताव रखा था।

लेकिन बोर्ड ने उसमें संशोधन करा दिए हैं। बोर्ड ने कहा है कि संशोधनों के साथ नई दरें लागू की जाएं। इन संशोधनों को लागू करने के बाद नई दरें जारी की जाएंगी। अब जो नया बंटन होगा, उसमें लोगों को अधिक पैसा खर्च करना पड़ेगा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में उद्योग लगाना, घर बनाना, दुकान खरीदना महंगा हो जाएगा।

अलग-अलग तरीके से फंड जुटाएगा यमुना प्राधिकरण
यमुना प्राधिकरण में तमाम नई परियोजनाएं आ रही हैं। इसमें मेडिकल डिवाइस पार्क, कलस्टर, मेट्रो, पॉड टैक्सी आदि शामिल हैं। इसके लिए फंड की जरूरत होगी। यमुना प्राधिकरण ने फंड का इंतजाम करने के लिए म्युनिसिपल/इंफ्रा बांड लाने की योजना बनाई है। इसके जरिये पैसा जुटाया जाएगा। बांड लाने के लिए सलाहकार नियुक्त किया जाएगा। यमुना प्राधिकरण बोर्ड ने इसकी मंजूरी दे दी है।