मुंबई की तर्ज पर फिल्म सिटी के लिए प्रयास तेज

पहले चरण को उप्र सरकार की तरफ से ग्रीन सिग्नल

15 अप्रैल तक निकाले जाएंगे ग्लोबल टेंडर

ग्रेटर नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर में फिल्म सिटी के लिए प्रयास तेज हो गए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्टर-21 में प्रस्तावित फिल्म सिटी के पहले चरण को ग्रीन सिग्नल दे दिया है। पहला चरण 300-400 एकड़ में विकसित किया जाना है। जिस पर तकरीबन 6 हजार करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। मुंबई की तर्ज पर ग्रेटर नोएडा में फिल्म सिटी विकसित की जानी है। पीपीपी मॉडल पर फिल्म सिटी को विकसित किया जाना है। इसके लिए ग्लोबल टेंडर निकाले जाएंगे। 15 अप्रैल तक टेंडर निकाल दिए जाएंगे। इससे पहले शासन इसके लिए प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग एंड इंप्लीमेंटेशन कमेटी (पीएमआईसी) का गठन करेगा। फिल्म सिटी परियोजना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुहर के बाद इसमें अब और तेजी आएगी। परिेयोजना 3 चरण में विकसित की जाएगी। पहला चरण 2022-23, दूसरा चरण 2027 और तीसरा चरण 2029 में पूरा होगा। पहले चरण में 300 से 400 एकड़ भूमि का प्रयोग होगा। यह भूमि यमुना प्राधिकरण के पास मौजूद है। इसमें 120 एकड़ में एम्यूजमेंट पार्क, 40 एकड़ में फिल्म इंस्टीट्यूट, 3.6 एकड़ में रिटेल बाजार, 15 एकड़ में होटल-रेस्टोरेंट, 40 एकड़ में विला आदि विकसित किए जाएंगे। रिपोर्ट बताती है कि फिल्म सिटी में पहले चरण में ओपन एरिया में हैंगर लगाकर शूटिंग की जाएगी। इसकी पूरी डिटेल डीपीआर में है।