पॉड टैक्सी परियोजना के लिए ग्लोबल टेंडर जारी

यमुना सिटी में 2026 तक शुरू हो जाएगा पॉड टैक्सी का संचालन

ग्रेटर नोएडा। यमुना सिटी में पॉड टैक्सी संचालन प्रक्रिया को लेकर ग्लोबल टेंडर जारी किया गया है। यमुना प्राधिकरण की योजना है कि वर्ष 2026 तक पॉड टैक्सी का संचालन शुरू कर दिया जाये। पॉड टैक्सी परियोजना यमुना प्राधिकरण के ट्रांसपोर्ट सिस्टम को वर्ल्ड क्लास सिटी की कैटेगरी में ला देगा। पीपीपी मॉडल पर विकसित होने वाली इस परियोजना में लगभग साढ़े 14 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा और शहर के विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों में 12 स्टेशन बनाए जाएंगे। पॉड टैक्सी परियोजना पर लगभग 642 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान है।

यमुना प्राधिकरण ने जेवर एयरपोर्ट और प्रस्तावित फिल्म सिटी के बीच चलने वाली पॉड टैक्सी के ग्लोबल टेंडर निकाल दिए हैं। प्राधिकरण ने पॉड टैक्सी परियोजना की डीपीआर इंडियन पोर्ट रेल एंड रोपवे कारपोरेशन लिमिटेड से बनवाई है। यमुना प्राधिकरण ने विकासकर्ता कंपनी की तलाश शुरू कर दी है। प्राधिकरण ने पहली जुलाई को ग्लोबल टेंडर निकाल दिए हैं। देशभर के अलावा प्राधिकरण ने लंदन, फ्रांस, अबूधाबी, यूके, अमेरिका और नीदरलैंड में भी विज्ञापन प्रकाशित करवाया है। इसके लिए 10 अगस्त तक टेंडर जमा किए जा सकते हैं। इसके बाद टेंडर खोले जाएंगे। तकनीकी और आर्थिक आधार पर कंपनी का चयन किया जाएगा। पॉड टैक्सी का कॉरिडोर एलिवेटेड होगा और इसकी लंबाई 14.6 किलोमीटर होगी। एयरपोर्ट से फिल्म सिटी छह किमी होगी। इसके अलावा यह कॉरिडोर औद्योगिक सेक्टर में जाएगा। कॉरिडोर में 12 स्टेशन बनाए जाएंगे। इसमें एयरपोर्ट, 60 मीटर रोड, 75 मीटर रोड, सेक्टर-32, सेक्टर-29, सेक्टर-33, सेक्टर-28 में दो और सेक्टर-21 में तीन स्टेशन बनेंगे। पॉड टैक्सी 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी। यह ऑपरेशन बिजली से होगा। एक पॉड में छह से 24 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। इसके लिए 112 पॉड मंगाए जाएंगे।

हाईटेक और वर्ल्ड क्लास होगा यमुना सिटी का इंफ्रास्ट्रक्चर

यमुना सिटी में इंफ्रास्ट्रक्चर वर्ल्ड क्लास बनाने को लेकर यमुना प्राधिकरण द्वारा योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह के नेतृत्व में प्राधिकरण क्षेत्र में जिस तरह से तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं उसका नतीजा है कि उद्यमी यहां अधिक संख्या में निवेश करने के लिए एमओयू साइन कर रहे हैं। उद्यमियों को यदि किसी भी तरह की कोई परेशानी आती है तो डॉ. अरुणवीर स्वयं उद्यमियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर करवाते हैं। उद्यमियों की जरूरतों और भविष्य के वर्ल्ड क्लास हाईटेक सिटी को ध्यान में रखते हुए यहां सभी तरह के इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप किये जा रहे हैं।