जेवर एयरपोर्ट : प्रभावित परिवारों को मिलेंगे भूखंड

ग्रेटर नोएडा। जेवर एयरपोर्ट से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस कार्य को यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण अंजाम देने में जुट गया है। प्रभावित परिवारों को जेवर बांगर में बसाने की प्रक्रिया जारी है। इसके लिए वहां 1146 भूखंड और विकसित कर दिए गए हैं। रोही के प्रभावित परिवारों को यह भूखंड आवंटित किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रोजेक्ट में 3627 परिवार आ गए हैं। इन परिवारों का जेवर बांगर में पुनर्वास किया जाना है। जेवर बांगर में 49 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है। शासन ने वहां सेक्टरों की भांति सुविधाएं विकसित करने को यमुना प्राधिकरण को नोडल एजेंसी की जिम्मेदारी सौंपी है। यमुना प्राधिकरण समय से पहले कार्यों को पूर्ण कराने में लगा है। अब तक एक हजार से ज्यादा भूखंड आवंटित कर दिए गए हैं। उधर, यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुण वीर सिंह के मुताबिक पॉकेट-1 में 1146 भूखंड विकसित हो चुके हैं। जल्द इन भूखंडों को जिला प्रशासन को सौंप दिया जाएगा। प्रशासन की तरफ से किसानों को भूखंड का आवंटन किया जाएगा। यह भूखंड रोही गांव के किसानों को आवंटित किए जाएंगे। इससे पहले गांव नगला शरीफ और छीतर के किसानों को भूखंड आवंटित हो चुके हैं। बता दें कि जेवर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है। इसके मद्देनजर विभिन्न गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है।