यमुना प्राधिकरण की क्योस्क योजना : पहले ऊंची बोली लगाई फिर धनराशि जमा नहीं कराई

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की क्योस्क योजना में सफल बोलीदाताओं की उदासीनता सामने आई है। 8 बोलीदाताओं ने अब तक धनराशि जमा नहीं कराई है। इन बोलीदाताओं की तरफ से ऊंची बोली लगाई गई थी। यमुना प्राधिकरण ने क्योसक की योजना निकाली थी। इसके जरिए बोली के जरिए क्योस्क का आवंटन किया गया। कुछ बोलीदाता 9.59 लाख रुपए के क्योस्क की 1 करोड़ 48 लाख 33 हजार रुपये की बोली लगाकर एकाएक चर्चाओं में आ गए थे।

यमुना प्राधिकरण ने उदासीन बोलीदाताओं की धरोहर राशि जब्त करने का निर्णय लिया है। यमुना प्राधिकरण ने 30 क्योस्क की योजना निकाली थी। इसमें 26 क्योस्क के लिए आवेदन आए थे। इसके लिए गत 27 अप्रैल को क्योस्क की नीलामी की गई। यह योजना खूब चर्चा में रही। ऑनलाइन नीलामी में आवासीय सेक्टर-18 में 9.59 वर्ग मीटर के क्योस्क की सबसे अधिक बोली रविंद्र सिंह ने 1 करोड़ 48 लाख 33 हजार रुपये लगाई थी। यह जमीन करीब 15 लाख रुपये वर्ग मीटर में खरीदी गई। सेक्टर-17 ए में 7.15 वर्ग मीटर का क्योस्क 1,12,56,000 रुपए में नीलाम हुआ।

नीलामी में सेक्टर-17ए में 9.04 वर्ग मीटर का क्योस्क 90,40,000 रुपये में नीलाम हुआ था। इस योजना में 5 जुलाई को पैसा जमा करने की अंतिम तिथि थी। यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक इस योजना में 18 बोलीदाताओं ने पैसा जमा किया है। 8 बोलीदाताओं ने पैसा नहीं जमा किया। ऊंची बोली लगाने वाले अब पीछे हट गए। उन्होंने पैसा नहीं जमा किया। हालांकि ऊंची बोली लगाकर वह खुद और इस योजना को चर्चा में ले आए थे। यमुना प्राधिकरण अब इनकी धरोहर राशि को जब्त कर लेगा।