अखिलेश के एक और रिश्तेदार BJP में हुए शामिल, अपर्णा यादव के बाद सपा को लगा एक और झटका

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने समाजवादी पार्टी (सपा) को एक और झटका दे डाला है। अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव के मौसा को भाजपा ने अपने पाले में कर लिया है। अखिलेश के मौसा एवं पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता ने गुरुवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपाई होने के बाद गुप्ता ने अखिलेश यादव पर आरोपों की बौछार करने में देरी नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश ने मुलायम सिंह को कैद कर रखा है। यादव परिवार में शिवपाल का भी कोई सम्मान नहीं है।

बता दें कि प्रमोद गुप्ता से पहले बुधवार को अखिलेश यादव के छोटे भाई की पत्नी अपर्णा यादव ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। निरंतर दूसरे दिन यादव परिवार को भाजपा की तरफ से झटका दिया गया है। अपने कुछ विधायकों के सपा में जाने से बेचैन भाजपा ने संभवत: अब राजनीतिक बदला लेना शुरू कर दिया है। इसके चलते भाजपा सीधे सपा परिवार में सेंधमारी करने में सफल हो रही है। भाजपा में आए प्रमोद गुप्ता सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के साढ़ू और ओरैया के बिधुना से पूर्व विधायक हैं। सपा के टिकट पर वह विधायक चुनकर आए थे। भाजपा का दामन थामने के बाद प्रमोद ने अखिलेश यादव के प्रति जमकर भड़ास निकाली।

उन्होंने खुलकर कहा कि सपा में मुलायम सिंह की कोई कदर नहीं है। अखिलेश ने पिता मुलायम को कैद कर रखा है। उन्हें किसी से मिलने-जुलने तक नहीं दिया जाता है। किसी से बात नहीं करने दी जाती। प्रमोद ने कहा कि अखिलेश किसी की बात नहीं सुनते हैं। सपा में गैर विचारधारा के लोग आ गए हैं, जो समाजवादी विचारधारा की कतई कदर नहीं करते हैं। इस मुद्दे पर मेरी मुलायम सिंह यादव से बातचीत भी हुई है, मगर अखिलेश ने नेताजी की बात नहीं मानी। उन्होंने यह भी आरोप मढ़ा कि यादव परिवार में शिवपाल का भी अपमान हो रहा है।