भाजपा ने बदली यूपी की तस्वीर और तकदीर

लेखक: संजीव त्यागी
उद्यमी एवं समाजसेवी
(लेखक राजनैतिक एवं सामाजिक विषयों पर बेबाकी से अपनी राय रखतें हैं। सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों से जुड़े रहते हैं। यह लेख उदय भूमि में प्रकाशन के लिए लिखा है। यह लेखक के निजी विचार है।)

योगी सरकार का पिछले पांच साल का कार्यकाल बेहद सफल रहा है। इस अवधि में उत्तर प्रदेश में बड़ा बदलाव आया है। यूपी को अपराध मुक्त और गड्ढा मुक्त बनाने में सरकार की मेहनत सफल हुई है। किसान हित में बेहतर कदम उठाए गए हैं। विपक्ष बेशक योगी सरकार की आलोचना करे मगर जनता सच्चाई जानती है। यूपी के समुचित विकास, अपराधियों पर नियंत्रण और भ्रष्टाचार रोकने के लिए योगी सरकार का पुन: सत्ता में आना बेहद जरूरी है। पहले उत्तर प्रदेश में अपराध चरम पर था। भाजपा की सरकार आने के बाद अपराध कम हुआ है।

योगी सरकार में माफिया मुर्गा बनकर पुलिस के सामने सरेंडर करते देखे गए हैं। माफिया सरकारी संपत्ति पर कब्जा कर बैठे थे। आज यह संपत्ति जनता की संपत्ति है। अवैध कारोबार पर अंकुश लगा है। पूर्ववर्ती सरकारों के मुकाबले अपराधों में रिकॉर्ड कमी हुई है। समूचे उत्तर प्रदेश में गुंडे और माफिया का शासन था। आज किसी की मजाल नहीं कि कोई बहन बेटी से छेड़छाड़ करे। भाजपा सरकार से पहले प्रदेश में सिर्फ दंगे होते थे। असुरक्षा के कारण बेटियों को भी पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों में भेजना पड़ता था, क्योंकि यहां कोई सुरक्षा नहीं थी।

आज यूपी में किसी भी बेटी को पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता है। कोई भी उनके साथ दुर्व्यवहार करने की हिम्मत नहीं करता है। सीएम योगी के अलावा पीएम मोदी ने भी यूपी पर हमेशा ध्यान दिया है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शुरू कराकर पीएम मोदी ने अपना वादा पूरा किया। पीएम मोदी ने तीन तलाक, 370 जैसे कई बड़े मुद्दे खत्म करके लोगों को साबित कर दिखाया है कि भाजपा सरकार में क्या कुछ हुआ है। पहले की सरकारों के पास कोई एजेंडा नहीं था। शिक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। राज्य पूरी तरह पिछड़ गया था।

आज उत्तर प्रदेश देश में आगे है। यह वही यूपी है जहां विकास के नाम पर बंदरबांट होती थी। गन्ने के दाम का भुगतान नहीं होता था। सड़कें चलने लायक नहीं थीं। आज सभी गन्ना किसानों को समय पर भुगतान हो रहा है। अब उत्तर प्रदेश में सभी पर्व बेहतर ढंग से मनाए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में नए विश्वविद्यालय खुल रहे हैं। महाविद्यालय खुल रहे हैं। यहां पर अच्छे रास्ते बन रहे हैं और किसानों के बैंक खाते में पैसा आ रहा है। गरीबों के घर बन रहे हैं। अमन के लिए कानून का राज स्थापित हुआ है। यही सुशासन है।

सरकार ने अपना वादा पूरा किया है। डबल इंजन की भाजपा सरकार ने सूबे की 25 करोड़ आबादी की सुरक्षा-सुख-समृद्धि के लिए कार्य किया है। प्रदेश में गुंडाराज को समाप्त कर कानून का राज स्थापित किया है। भाजपा शासनकाल में एक भी दंगा नहीं हुआ और दंगाइयों-अपराधियों की संपत्ति पर बुलडोजर चलाया गया। सपा शासनकाल में रोज दंगे होते थे। केंद्र और प्रदेश द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा है। कभी बहन-बेटियों की सुरक्षा खतरे में थी। जबकि आज उनकी सुरक्षा का जिम्मा सरकार का है। सपा शासनकाल में एक ही परिवार का विकास होता था।

योगी आदित्यनाथ के शासन के पिछले 5 साल में उत्तर प्रदेश का चहुंमुखी विकास हुआ है। प्रदेश भर में विकास की लहर दौड़ी है। किसानों को गन्ने का भुगतान कराया है। केंद्र सरकार ने किसानों के हित में तीन नए कृषि कानून बनाए थे, मगर विपक्ष ने इन कानूनों के खिलाफ लोगों को भड़का कर बेवजह का विवाद पैदा कराया। किसान आंदोलन में सही मायने में किसानों ने हिस्सा नहीं लिया था। वहां ऐसे लोग थे जो आंदोलन के नाम पर मजे कर रहे थे। बादाम तक खाए जा रहे थे। जबकि असल किसान के पास इतना समय नहीं कि वह काम-धंधा छोड़कर एक साल तक आंदोलन करता रहे।