संकट में हस्ती : अर्श से फर्श पर अनिल अंबानी

सीमित खर्चों के लिए भी अब परिवार के भरोसे

लंदन। आकंठ कर्ज में डूबे नामचीन उद्योगपति अनिल अंबानी की माली हालत बेहद खराब है। वह अर्श से फर्श पर आ गए हैं। कभी शाही जिंदगी जीने के लिए मशहूर अनिल आज आम आदमी की भांति गुजर-बसर करने को विवश हैं। अपने सीमित खर्चों के लिए भी वह पत्नी पर निर्भर हैं। ब्रिटेन की अदालत में अनिल अंबानी ने अपनी दुखभरी दास्तां सुनाई है। चीन के 3 बैंकों से लोन प्रकरण में अनिल ने निजी संपत्ति पर बड़ी जानकारी दी है। अंबानी ने कोर्ट को बताया है कि उनके पास कोई महत्वपूर्ण प्रॉपर्टी नहीं है। उनका खर्च भी काफी कम है। पत्नी और परिवार के भरोसे वह अपना खर्च चला रहे हैं। आय का कोई दूसरा जरिया भी नहीं बचा है। साधारण जीवन जीने के दौरान वह एकमात्र कार का इस्तेमाल कर रहे हैं। बता दें कि रिलायंस कॉम ने फरवरी 2012 में चीन के 3 बैंकों से 700 मिलियन से ज्यादा का कर्जा लिया था। लोन की पर्सनल गारंटी अनिल अंबानी की थी। यह कंपनी दिवालिया हो चुकी है। ऐसे में बैंकों ने ब्याज के साथ रकम वसूलने हेतु मुकदमा किया है। इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल बैंक ऑफ चाइना लि. (मुंबई शाखा), चाइना डेवलपमेंट बैंक और एक्जिम बैंक ऑफ चाइना ने अनिल अंबानी को कोर्ट में घसीटा है। विगत 22 मई 2020 को लंदन में हाईकोर्ट की जज ने फैसला सुनाया था कि अनिल अंबानी 12 जून तक चीन के तीनों बैंकों को 7.17 मिलियन का भुगतान करें। निर्धारित अवधि में भुगतान ना करने पर बैंकों ने संपत्ति घोषित करने की मांग की थी। कोर्ट ने अनिल अंबानी को 29 जून को अपनी दुनियाभर की संपत्तियों को घोषित करने का आदेश दिया था। वहीं, तीनों बैंकों का कहना है कि वह अंबानी के खिलाफ बाकी सभी कानूनी विकल्पों का प्रयोग करेंगे। इस कानूनी लड़ाई के चलते अनिल अंबानी ने ब्रिटेन की अदालत के समक्ष अपनी खराब आर्थिक स्थिति का रोना रोया है।