लोगों को घरों से भगा रहे चूहे, कर रहे कब्जा

घुसपैठ का जबाव देने पहुंचे विशालकाय चूहे

अर्जेंटीना। दुनिया के सबसे विशाल चूहे आजकल नागरिकों की जान के दुश्मन बन गए हैं। इन बेजुवान घुसपैठियों की सक्रियता ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। इसके कारण सड़क दुर्घटनाओं को भी बढ़ावा मिला है। अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में इन दिनों दुनिया के सबसे बड़े चूहों की चर्चा चौतरफा हो रही है। ब्यूनस आयर्स के शहर नॉरडेल्टा की सड़कों पर इन विशालकाय चूहों की धमा-चौकड़ी आम हो गई है। चूहों का दल अक्सर घरों के बाहर बगीचों में घुस जाता है। इससे बगीचों की सुंदरता भी नष्ट हो रही है।

इसके अलावा सड़कों पर चूहों के टहलने से दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस-प्रशासन के लिए यह समस्या गंभीर होती जा रही है। इन चूहों का पातलू जानवरों के साथ भी टकराव हो रहा है। सैकड़ों की संख्या में यह घुसपैठिएं जगह-जगह देखने को मिल जाते हैं। इन चूहों को कैपीबरास कहा जाता है। इनका वैज्ञानिक नाम हाइड्रोकोरस हाइड्रोचेरिस है। इन्हें कारपिन्चोस के नाम से भी जाना जाता है। नागरिकों का कहना है कि पिछले कुछ सप्ताह से यह भीमकाय चूहे नॉरडेल्टा शहर में खुलेआम टहल रहे हैं। नॉरडेल्टा शहर की आबादी तकरीबन 40 हजार है। जानकारों का कहना है कि इन चूहों का आकार 4 फीट तक बड़ा हो सकता है। इनका वजन 79 किलोग्राम तक जा सकता है।

यह चूहे न सिर्फ सौंदर्यीकरण को प्रभावित कर रहे हैं बल्कि पालतू कुत्तों और बिल्लियों पर भी हमला बोल रहे हैं। हालाकि कैपीबरास को हिंसक जीव नहीं माना जाता है। यह इंसानों या पालतू जानवरों के प्रति कभी हिंसात्मक नहीं रहे हैं। पर्यावरणविदों का मानना है कि दुनिया के सबसे बड़े चूहों ने नॉरडेल्टा में घुसपैठ नहीं की है। असल में वह अपना घर वापस लेने आए हैं, जिसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के लिए बर्बाद कर दिया गया। 1990 के दशक में नॉरडेल्टा इकोलॉजी के हिसाब से बेहद खूबसूरत और विभिन्न प्रकार के जीवों का घर था। वहां पर वेटलैंड था, जो पाराना नदी के तटों के किनारे बसा था। दक्षिणी अमेरिका की यह दूसरी सबसे बड़ी नदी है. मगर इन स्थानों पर विकास के चलते कैपीबरास के घर बर्बाद हो गए।

पर्यावरणप्रेमी एवं प्रख्यात अधिवक्ता एनरिक वियेल का कहना है कि यह एक चक्र है। नॉरडेल्टा ने कैपीबरास के घरों में घुसपैठ की थी। अमीर रियल इस्टेट डेवलपर्स ने सरकार के साथ मिलकर इनकी प्रकृति को बिगाड़ दिया था। उस वक्त भी आवाज उठाई गई थी, मगर किसी ने सुनवाई नहीं की। बिल्डर्स ने इस क्षेत्र के जीवों को भगा दिया। एनरिक का कहना है कि यदि आप प्रकृति के मध्य रहते हैं तो आपको उन जीवों के साथ रहना होगा, जो पहले से वहां रह रहे हैं।