हमले में क्षतिग्रस्त हुई इजरायल की बिल्डिंगें को ठीक करेंगे यूपी के 725 श्रमिक

गाजियाबाद। इजरायल में हमास के हमले से क्षतिग्रस्त हुई बिल्डिंगों को सुधारने के लिए जनपद गाजियाबाद के अलावा हापुड़, बुलंदशहर के कुल 725 श्रमिक इजरायल जाएंगे।इसके अतिरिक्त 420 श्रमिकों का सत्यापन चल रहा है।इसके बाद यह संख्या बढ़ सकती है। पंजीकृत श्रमिकों का आगामी 15 जनवरी के बाद लखनऊ में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में साक्षात्कार होगा। इसके बाद इन श्रमिकों को इजरायल भेजा जाएगा।श्रम विभाग के उप श्रमायुक्त अनुराग मिश्र ने बताया कि गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर के 725 श्रमिकों का पंजीकरण हुआ है। इसके अतिरिक्त 420 श्रमिकों ने आवेदन किया हैं। इनके आवेदनों की जांच की जा रही है। इसके बाद श्रमिकों की सूची शासन को भेजी जाएगी। 15 जनवरी के बाद श्रमिकों का साक्षात्कार होगा।

बता दें कि 7 अक्टूबर 2023 को हमास ने अचानक इजरायल पर हमला कर दिया था। इसके बाद इजरायल ने भी जवाबी कार्रवाई की थी। हमलों के बीच इजरायल की कई महत्वपूर्ण बिल्डिंगें क्षतिग्रस्त हो गईं।इजरायल ने भारत से श्रमिकों की मांग केंद्र सरकार से की थी। केंद्र सरकार के अनुरोध पर ही प्रदेश सरकार ने 10 हजार श्रमिकों को इजरायल भेजने का निर्देश श्रम विभाग के अधिकारियों को दिया था। इसके लिए 10 जनवरी तक श्रमिकों को श्रम विभाग कार्यालय में पंजीकरण कराना था। बुधवार को पंजीकरण की तारीख समाप्त हो गई।

उप श्रमायुक्त ने बताया कि इजरायल जाने के लिए गाजियाबाद से 330 श्रमिकों ने पंजीकरण कराया है। जबकि हापुड़ से 198 व बुलंदशहर से 197 श्रमिकों ने इजरायल जाने में सहमति जताई हैं। यह वह श्रमिक हैं जो वहां पर राजमिस्त्री का काम करेंगे। इनकी मदद से क्षतिग्रस्त इमारतों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इन्हीं श्रमिकों से टाइल्स, पत्थर, सटरिंग आदि लगाने का काम लिया जाएगा। श्रमिकों को वहां पर 1.37 लाख रुपए का वेतन, बोनस, चिकित्सा सुविधा आदि के साथ बीमा का भी लाभ मिलेगा। श्रमिकों की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

श्रमिकों को कम से कम तीन वर्ष का अनुभव के साथ अंग्रेजी बोलने और समझने का भी ज्ञान होना चाहिए।श्रमिकों को नक्शा पढऩा और समझने व उनके पास पासपोर्ट होना चाहिए। प्रदेशभर से करीब 10 हजार श्रमिकों को इजरायल भेजा जाएगा।इसके लिए हर जिले से अलग-अलग श्रमिकों का पंजीकरण कराया गया है। जिन श्रमिकों का अब पंजीकरण हो चुका हैं,उनका साक्षात्कार अब 15 जनवरी के बाद लखनऊ में होगा। इसके बाद उन्हें इजरायल भेजने की प्रक्रिया शुरू होगी।