प्लास्टिक मुक्त अभियान: रामलीला मेले में प्लास्टिक-पॉलीथिन के इस्तेमाल पर होगी कार्रवाई: म्युनिसिपल कमिश्नर

-शहर को प्लास्टिक मुक्त करने के लिए निगम ने चलाया महा अभियान, लोगों को किया जागरूक
-प्लास्टिक मुक्त अभियान में कवि नगर व मोहन नगर में वसूला 64 हजार का जुर्माना

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा लगातार चलाए जा रहे सिगल यूज प्लास्टिक मुक्त गाजियाबाद के तहत स्कूलों, मार्केट क्षेत्रों और विभिन्न सोसायटियों में नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। प्रतिबंधित सिगल यूज प्लास्टिक वस्तुओं का उपयोग करने वालों के चालान भी किए जा रहे हैं। म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा गठित टीम प्रतिदिन विभिन्न मार्केट क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं तथा दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने वालों के चालान किए जा रहे हैं। साथ ही प्रतिबंधित सिगल यूज प्लास्टिक वस्तुओं को जब्त भी किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कवि नगर व मोहन नगर जोन में विशेष प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया। बाजारों में जाकर प्लास्टिक जब्त भी की गई। साथ सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने के लिए व्यापारियों से अपील भी की गई।

व्यापारियों को कपड़े की थैली इस्तेमाल करने के लिए कहा गया। शहर वासियों को भी प्लास्टिक मुक्त अभियान के दौरान जागरूक किया गया। कवि नगर जोनल प्रभारी एसके राय ने आरडीसी राजनगर, रजापुर के क्षेत्र में जाकर अभियान चलाया। इस दौरान 50 किलो पॉलिथीन जब्त करते हुए 49 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। इसी प्रकार मोहन नगर जोन में जोनल प्रभारी आरपी सिंह द्वारा राजेंद्र नगर व साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के आसपास प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 15 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा रामलीला मेले में प्रतिबंधित प्लास्टिक और पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों या कारोबारियों के खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा। इस संबंध में मेले में जागरूकता बोर्ड भी लगाए गए है। रामलीला मेलों में झूले, खाने-पीने की वस्तुओं के अलावा होजरी और कपड़ा के भी स्टॉल लगाए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि रामलीला कराने वाली संस्थाओं की जानकारी जुटाई जा रही है। कवि नगर, घंटाघर, संजय नगर राजनगर एक्सटेंशन, विजय नगर, प्रताप विहार, इंदिरापुरम, राजेंद्र नगर, लाजपत नगर, वैशाली समेत कई इलाकों में रामलीला होती है। वहीं पर मेला भी लगता है जिसमें खाने-पीने की चीजें प्लास्टिक, पॉलिथीन और थर्माकोल के बर्तन में लोगों को दी जाती हैं। मेले में नगर निगम की टीम द्वारा प्रतिदिन अभियान चलाकर लोगों को प्रतिबंधित प्लास्टिक और पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने की अपील की जा रही है। प्रतिबंधित प्लास्टिक और पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है।

जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने की म्युनिसिपल कमिश्नर ने की अपील
म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा शहर वासियों से सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध के लिए अपील की गई है। इसी क्रम में शहर में आयोजित रामलीलाओं व अन्य भव्य आयोजनों को भी प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए कहा गया है। साथ ही रामलीलाओं के आयोजकों से शहर को प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए जागरूकता अभियान में सहयोग करने की अपील की गई। व्यापारियों व दुकानदारों को भी सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने के लिए कहा गया।
म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा रामलीला में गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग डालने के लिए दो-दो डस्टबिन लगाए गए है।

संबंधित अधिकारियों से शहर को प्लास्टिक मुक्त अभियान के लिए जागरूक करने के लिए कहा गया है। वंही जिनके द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल किया जा रहा है। उनके विरुद्ध भी कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। शहर के प्रबुद्ध लोगों से अपील की गई है कि सिगल यूज प्लास्टिक से वास्तव में मुक्ति चाहिए तो बड़े स्तर पर जन जागरूकता जरुरी है। सिंगल यूज प्लास्टिक समाज के लिए एक खतरा है। सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम की मुहिम लगातार जारी रहेगी।