वृक्ष पर्यावरण की रक्षा के लिए बहुत जरूरी: डॉ. अनुज कुमार सिंह

-कविनगर जी ब्लॉक के पार्क में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन
-पार्षद व आरडब्लूए की टीम ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

गाजियाबाद। पर्यावरण प्रदूषण एवं बढ़ती गर्मी से निजात पाने के लिए शुक्रवार को बारिश के बीच कविनगर जी ब्लॉक के पार्क में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, पार्षद राजकुमार नागर, कार्यक्रम संयोजक कविनगर जी ब्लॉक आरडब्लूए पदाधिकारी साधना वर्मा समेत आरडब्लूए की टीम ने संयुक्त रूप से फलदार एवं छायादार सैकड़ों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने कहा जिस प्रकार प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है, उसके प्रति सजग होना बहुत जरूरी है। लोगों से अपील करते हुए कहा कि हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। पौधों को हमें अपने बच्चों की तरह समझना चाहिए। चूंकि जब तक वह बड़ा होकर फलदार वृक्ष न बन जाए तब तक हमें उनकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सावन में लगाए गए पौधे बहुत जल्द बड़े होते हैं। वृक्ष पर्यावरण की रक्षा के लिए बहुत जरूरी है। वृक्ष लगाकर हम अपने पर्यावरण व परिवेश को स्वच्छ व सुंदर बना सकते हैं। प्रकृति के प्रति सकारात्मक रवैये को लेकर सभी को ज्यादा से ज्यादा पेड़-पौधे लगाने चाहिए। इस दौरान उद्यान प्रभारी ने सभी को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया।

पार्षद राजकुमार नागर ने अलग-अलग फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर लोगों को संदेश दिया कि पेड़-पौधे जीवन का अभिन्न अंग हैं और इनके बिना जीवन अधूरा है। वृक्ष हमारे जीवन साथी हैं। इनके बिना मानव जीवन संभव नहीं है। हमें इनकी देखरेख करनी चाहिए। पर्यावरण संरक्षण को बचाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर इस अभियान को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। पौधारोपण करना और इसे बचाना दोनों जरूरी है।

अकसर ऐसा देखा जाता है कि लोग पौधे लगा तो देते हैं लेकिन बाद में भूल जाते हैं। धीरे-धीरे उनके लगाए हुए पौधे सूख जाते हैं। ऐसे में पौधे लगाने का कोई लाभ नहीं होता। आरडब्लूए पदाधिकारी साधना वर्मा ने कहा हम सभी का दायित्व बनता है कि अपने अपने घर में फलदार व औषधीय पौधे लगाएं। यदि हम सभी मिलकर ऐसा करेंगे तभी शहर की आबोहवा को ठीक रख सकते हैं और इससे पर्यावरण संरक्षण में भी सहायता मिलेगी। यह एक संयुक्त प्रयास है।