अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य देने के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब

-महापर्व छठ की बात निराली, व्रतियों पर हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा

गाजियाबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ पर जिले में काफी धूमधाम रहीं। सोमवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए छठ महापर्व का आज सुबह 10 बजे उदयीमान सूर्य को अघ्र्य देने के बाद महापर्व का समापन होगा। बुधवार को छठ व्रतियों ने मीठा चावल (खीर), लौकी की सब्जी व रोटी का प्रसाद बनाकर खरना करने के बाद सूर्य को अघ्र्य दिया। 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होने के चलते बुधवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को लाखों व्रतियों ने अघ्र्य दिया। इन व्रतियों के सम्मान में शाम करीब 5 बजे हेलीकॉप्टर से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्यमंत्री एवं स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह की सुपुत्री मृणालिनी सिंह ने भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं के साथ हेलीकॉप्टर से हिंडन नदी छठ घाट पर पुष्प वर्षा की। इंदिरापुरम स्थित सीआईएसएफ की बटालियन परिसर से हेलीकॉप्टर से उड़ान भरने के बाद हिंडन नदी छठ घाट समेत अन्य स्थानों पर पुष्प वर्षा की।

पर्व का समापन आज
गुरूवार आज सुबह उदयीमान सूर्य को अघ्र्य देने के बाद महापर्व का समापन होगा। वहीं,महापौर आशा शर्मा ने उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह एवं निगम अधिकारियों के साथ हिंडन नदी छठ घाट पर पहुंचकर व्रति महिलाओं पर पुष्प की वर्षा करते हुए उनका अभिवादन किया। इनके अलावा शहर में सेक्टर-23 संजयनगर में छठ पूजा पर पूर्व महापौर आशु वर्मा ने पार्षद मनोज चौधरी,प्रदीप चौधरी, राष्ट्रीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष बाल किशन गुप्ता आदि की मौजूदगी में व्रतियों पर पुष्प वर्षा की। छठ महापर्व के तीसरे दिन बुधवार शाम को हिंडन नदी पर पहुंचे लाखों की संख्या मेें श्रद्धालुओंं ने अस्ताचलगामी सूर्य को जिले के विभिन्न घाटों पर लाखों व्रती महिलाएं अघ्र्य दिया। हेलीकाप्टर से हिंडन नदी घाट,करहैड़ा गोल चक्कर पार्क,जनकपुरी स्थित डबल टंकी पार्क,डीएलएफ,कोयल एंक्लेव, विवेकानंद नगर, बलरामपुर, खोड़ा,वसुंधरा, वैशाली, इंदिरापुरम, झंडापुर, बृज विहार समेत अन्य छठ घाटों पर फूलों की वर्षा की गई। खरना के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत:छठ पर्व पर खरना कर व्रतियों ने निर्जला व्रत शुरू किया। शाम को खरना रसियांव (गुड़ या गन्ने के रस से बनी खीर), गेहूं की रोटी या पूड़ी और लौकी की सब्जी का प्रसाद बनाया और ग्रहण किया। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया।

छठ घाटों पर बिखरी खूबसूरती की छटा
जिले में 63 छठ घाट बनाए गए हैं। इसमें हिंडन नदी के घाट व हिंडन नहर पर सबसे ज्यादा भीड़ रहीं। नदी में मेरठ से गंगाजल छोड़ा गया है,जिससे श्रद्धालु साफ पानी में खड़े होकर सूर्य भगवान को अघ्र्य दे सकें। लोगों ने छठ घाट पर बेदी की रंगाई पुताई पहले ही की थी। वहीं, महापौर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर नगर निगम की ओर से सफाई कर साफ पानी की पाइपलाइन बिछाई गई। गहरे पानी में लोगों को जाने से बचाने के लिए बांस-बल्ली से बैरिकेडिंग की गई है। कपड़े बदलने के लिए टेंट लगाए गए हैं। वहीं,नगर निगम की ओर से टेंट से कार्यालय भी बना लिया गया है। वहीं, दूसरी ओर वसुंधरा से वैशाली, इंदिरापुरम और खोड़ा में हिडन नहर के किनारे भी जगह-जगह छठ घाट बनाए गए हैं।

डीएम एवं एसएसपी ने दिए कड़े निर्देश
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं एसएसपी पवन कुमार ने मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए थे। इसके तहत भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रहीं। प्रशासन-पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। छठ घाटों पर पहुंचे लोग ढोल की थाप पर झूमते नजर आए। कई श्रद्धालुओं ने घरों की छतों पर कृत्रिम तालाब बनाए और छठ पूजा की। लोनी सिग्नेचर सिटी स्थित यमुना नदी किनारे श्रद्धालुओं ने सूर्य भगवान को अघ्र्य दिया। हिंडन नदी घाट पर छठ व्रतियों की भीड़ बढऩे के चलते लोगों को डूबने से बचने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के जवान और नगर निगम के गोताखोर नाव से हरनंदी नदी में निगरानी करते रहे।

73 सीसीटीवी कैमरे से निगरानी
हिडंन नदी छठ घाटों पर निगरानी के लिए 73 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। वहीं, कंट्रोल रूम बनाए जाने के चलते इस पर एलईडी स्क्रीन के जरिए घाटों पर नजर रखी जा रही है। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह द्वारा कंट्रोल रूम में नगर निगम के अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, शिवपूजन यादव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा एवंकर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी संख्या में पुलिस फोर्स हिंडन नदी छठ घाट के आसपास तैनात की गई हैं।