गाजियाबाद में BJP 7-2 से हारी 9 निकायो में गाजियाबाद नगर निगम और मोदीनगर छोड़कर सभी जगह भाजपा को मिली शिकस्त

रालोद की रंजीता धामा ने भाजपा को दी पटखनी, 18 हजार वोटों से विजयी 

गाजियाबाद। लोनी नगर पालिका परिषद चेयरमैन पद के लिए राष्ट्रीय लोकदल व भाजपा प्रत्याशी के बीच हुए कड़े मुकाबले के बाद आखिकर शनिवार को रालोद की रंजीता धामा ने रिकॉर्डतोड़ मतों से भाजपा की प्रत्याशी पुष्पा को शिकस्त दे दी। रंजीता धामा ने 18109 वोट से भाजपा की पुष्पा को हराया है। लोनी नगर पालिका परिषद चेयरमैन पद में मतगणना की शुरूआत से ही रालोद प्रत्याशी रंजीता धामा लगातार बढ़त बनाती गई।
जीत के बाद लोनी में रालोद कार्यकर्ताओं में खुशी है। वहीं, रालोद के खतौली से विधायक मदन भैया ने उन्हें जीत की बधाई देते हुए कहा कि यह अवाम की जीत है। रंजीता धामा को कुल 105282 वोट मिले। जबकि भाजपा की पुष्पा को 87173 मत मिले। भाजपा प्रत्याशी के हार जाने से वहां के भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर की प्रतिष्ठा धूमिल हो गई।

यह भी पढ़े : जीते हुए पार्षदों की पूरी लिस्ट देखें गाजियाबाद के किस वार्ड में कौन जीता किस पार्षद को मिला कितना वोट

बैलेट पेपर में रंजीता धामा सबसे आगे रहीं। रंजीता को 31 मत, भाजपा की पुष्पा को 11 मत, आम आदमी पार्टी से अनिता को1,निर्दलीय भावना को एक मत, बीएसपी की महरीन को 2 मत मिले हैं। इसके अलावा खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद से चेयरमैन पद के लिए भाजपा की रीना भाटी व निर्दलीय मोहिनी शर्मा के बीच कड़ा मुकाबला देखा गया। लेकिन भाजपा प्रत्याशी रीना भाटी को निर्दलीय प्रत्याशी मोहिनी शर्मा पत्नी पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा को 8 हजार वोटों से ज्यादा से हरा दिया।

इसके अलावा नगर पालिका परिषद मुरादनगर में बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक वहाब चौधरी की पत्नी छम्मी चौधरी ने भाजपा की चेयरमैन प्रत्याशी को हरा दिया। भाजपा में टिकट बंटवारे के बाद बगावत करने वालों को न मना पाने का बड़ा खामियाजा भाजपा को भुगतना पड़ा है। मुरादनगर नगर पालिका अध्यक्ष की सीट न सिर्फ भाजपा के हाथ से निकली बल्कि भाजपा को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। बगावत करने वाली पूर्व चेयरमैन रेखा अरोड़ा दूसरे स्थान पर रहीं। निर्दलीय रेखा अरोड़ा को बसपा की छम्मी चौधरी 1390 वोट से हराकर नगर पालिका की अध्यक्ष बनी हैं। भाजपा प्रत्याशी रमा देवी तीसरे स्थान पर रही हैं। भाजपा की कोर वोटर मानी जाने वाली शहरी आबादी ने मुरादनगर में इस बार कमल का साथ नहीं दिया। भाजपा ने इस बार महानगर मंत्री गोपाल अग्रवाल की पत्नी रमा को टिकट दिया था।

भाजपा के टिकट पर ही 2012 में चुनाव जीत चुकीं रेखा अरोड़ा के लिए उनके पति राधेश्याम अरोड़ा ने टिकट मांगा था। पदाधिकारी की पत्नी को टिकट देने पर उन्होंने पत्नी से निर्दलीय नामांकन करा दिया। राधेश्याम लंबे समय से भाजपा से जुड़े हैं। संगठन में भले कोई महत्वपूर्ण पद नहीं मिला, लेकिन समाज पर उनकी पकड़ मजबूत है। आम वोटर के साथ व्यापारी वर्ग भी उनकी पत्नी को टिकट न मिलने से खफा था।छम्मी ने पहले राउंड से बनाई बढ़त अंत तक बनाए रखी। हालांकि रेखा अरोड़ा निर्दलीय होने के बाद भी हर राउंड में उन्हें टक्कर देती रहीं। रेखा की ही वजह से भाजपा प्रत्याशी शुरुआत से ही तीसरे स्थान पर रहीं और बाकी के चार राउंड में भी यही सिलसिला चलता रहा। वहीं, पतला नगर पंचायत चेयरमैन रालोद प्रत्याशी रीता चौधरी चुनी गई।

यह भी पढ़े : गाजियाबाद में साइकिल, हाथी और पंजा को कमल ने रौंदा भाजपा प्रत्याशी सुनीता दयाल 2,87,656 वोटों से विजयी

रीता चौधरी ने भाजपा प्रत्याशी को 1176 वोटों से हराया। रालोद नेता रीता चौधरी की जीत पर उन्हें बधाई देने व स्वागत करने के लिए पतला पहुंचे। इसके अलावा नगर पालिका परिषद मोदीनगर से भाजपा के चेयरमैन प्रत्याशी विनोद गौतम ने जीत दर्ज कराई। वहीं, नगर पंचायत डासना से बसपा प्रत्याशी बाबू खां विजयी हुए। निवाड़ी नगर पंचायत से सपा प्रत्याशी विजयी हुए। जिले में 9 निकायों में कुल मिलाकर भाजपा की महापौर सुनीता दयाल के अलावा मोदीनगर नगर पालिका परिषद की चेयरमैन प्रत्याशी ही जीत पाई। बाकी लोनी व पतला में राष्ट्रीय लोकदल प्रत्याशी ने बाजी मारी। जबकि मुरादनगर नगर पालिका चेयरमैन व डासना नगर पंचायत चेयरमैन पद पर बसपा ने बाजी मारी। फरीदनगर नगर पंचायत में सपा प्रत्याशी ने बाजी मारी। सपा को सिर्फ एक ही सीट पर संतोष करना पड़ा।