महापरिनिर्वाण दिवस: नगर आयुक्त ने दी डॉ भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि

गाजियाबाद। संविधान निर्माता और भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस पर मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ व निगम अधिकारियों ने उनके चित्र पर माल्यर्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार तथा पदाधिकारियों द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें नगर निगम के कर्मचारी तथा अधिकारी उपस्थित रहे। भारतीय संविधान के जनक बीआर अंबेडकर की पुण्यतिथि पर नगर निगम परिसर में एकत्र हुए। नगर आयुक्त ने कहा बाबा साहब ने समाज से कुरीतियों को समाप्त कर सामाजिक भेदभाव को दूर किया है। उन्होंने देश में समतामूलक समाज को स्थापित करने के लिए कड़ा संघर्ष किया। समाज से जातिवाद रूपी विष के बेल को समाप्त करने का प्रयास किया। डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक छुआ-छूत और जातिवाद के खात्मे के लिए काफी आंदोलन किए। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, दलितों और समाज के पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए न्योछावर कर दिया।

अंबेडकर ने खुद भी उस छुआछूत, भेदभाव और जातिवाद का सामना किया है। वे नौ भाषाओं के जानकार थे. इन्हें देश-विदेश के कई विश्वविद्यालयों से पीएचडी की कई मानद उपाधियां मिली थीं। इनके पास कुल 32 डिग्रियां थीं। जिस तरह उन्होंने बिना भेदभाव के समाज से कुरीतियों को समाप्त कर सामाजिक भेदभाव को दूर किया। ठीक उसी तरह हमें भी अपने कर्तव्यों को निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करना होगा। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, डॉ अनुज कुमार सिंह उद्यान प्रभारी तथा नगर निगम संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।