नगर निगम की बोर्ड बैठक से शहर के विकास का रास्ता साफ

-नगरायुक्त ने कहा, प्रत्येक वार्ड में होंगे 60 लाख के काम

गाजियाबाद। नगर निगम की बहुप्रतिक्षित बोर्ड बैठक शनिवार को आयोजित की गई। बैठक में वित्त वर्ष 2021-22 का पुनरीक्षित बजट पेश किया गया। चर्चा के उपरांत बजट को मंजूरी दे दी गई। 1200 करोड़ की आय और 1100 करोड़ का व्यय का बजट प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा शहर के विकास को गति देने के लिए नगरायुक्त ने अह्म घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में प्रस्तावित विकास कार्यों में कोई रूकावट नहीं आएगी। नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को नगर निगम कृत संकल्पित है। दरअसल कुछ पार्षदों ने बोर्ड बैठक में आरोप लगाया था कि वार्डों में 60-60 लाख रुपए के विकास कार्य होने थे, मगर अभी तक इनकी शुरुआत भी नहीं हो सकी है। नगर निगम सभागार में सुबह 11 बजे बोर्ड बैठक की शुरुआत हुई। बैठक की अध्यक्षता मेयर आशा शर्मा ने व संचालन नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने किया।

भूमि से संबंधित 5 प्रस्ताव निरस्त
बोर्ड बैठक में 22 प्रस्ताव पास किए गए। इसके अलावा भूमि से संबंधित 5 प्रस्तावों को निरस्त कर दिया गया। पार्षद अनिल स्वामी ने बजट प्रस्ताव पर आपत्ति जताई। पार्षद अजय शर्मा ने शहर में सीवर की समस्या का मुद्दा उठाया। पार्षद मनोज चौधरी ने कहा कि वार्डों में 60 लाख रुपए के विकास कार्य शुरू नहीं हुए हैं। इस पर नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। पार्षद संजय सिंह ने इंदिरापुरम कॉलोनी को हैंडओवर न किए जाने का मामला उठाया। भाजपा पार्षद राजेंद्र त्यागी ने कहा कि पार्षदों के विचारों से वह सहमत हंै। उन्होंने रोड का रजिस्टर, भूमि की सूची, दुकानों का किराया, बकाया, अवस्थापना निधि का करीब 400 करोड़ रुपए बकाया होने पर लखनऊ तक जाने की बात कही।

अभी टेकओवर नहीं होगी इंदिरापुरम
इंदिरापुरम कॉलोनी को हैंडओवर करने के मामले पर नगरायुक्त ने कहा कि हमारे स्तर पर कोई आपत्ति नहीं है। कोर्ट में मामला है। कोर्ट के आदेश का पालन करेंगे। वहीं, पार्षद राजेंद्र त्यागी ने सीएंडडीएस शाखा से कार्य नहीं कराने की मांग की। डीजल की खपत पर नंदग्राम में नगर निगम के पेट्रोल पंप से डीजल बेचे जाने का मामला उठा। पार्षद अनिल स्वामी ने कहा कि एक पार्षद ने मैसेज भेजकर गलत संदेश दिया कि मेयर और अनिल स्वामी किराया बढ़ोतरी कराने के पक्ष में है। जबकि मैं अप्रैल से सितंबर तक विदेश में था। बोर्ड बैठक में अपर नगरायुक्त आर.एन. पांडेय, प्रमोद कुमार, अरूण कुमार यादव, शिवपूजन यादव, लेखाधिकारी आरके गौतम, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. एसके सिन्हा, डॉ. अनुज कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, योगेंद्र यादव आदि पार्षद मौजूद रहे। बैठक में पार्षद मनोज गोयल आदि मौजूद रहे।

लैंड बैंक डेवलप
नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि विकास कार्यों की जल्द शुरूआत की जाएगी। टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी हो जाएगी। लैंड बैंक डेवलप कर लिया गया है। सड़कों के नंबर होंगे। सभी 5 जोन में लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। वार्डों में 1 करोड़ से 5 करोड़ रुपए तक के कार्य हुए हैं। चुनाव आचार संहिता से पहले ओपन जिम खुल जाएंगे। 100 वार्डों में पार्क विकसित होंगे। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत गालंद में वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट जून से अगले साल चालू होगा। डेढ़ साल में नीदरलैंड की कंपनी एसजी इंटरनेशनल कंपनी प्लांट लगाएगी। वहां पर 1600 मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण हो सकेगा। 15 एकड़ भूमि क्रॉसिंग रिपब्लिक में मिलेगी।

नगर निगम के पास 380 करोड़ रिजर्व
बोर्ड बैठक में पूरक बजट पेश किया गया। 1262 करोड़ रुपए की आय और करीब 1100 करोड़ रुपए व्यय का बजट था। वास्तविक बजट 30 सितंबर तक का दर्शाया गया। नगर निगम ने अपने पास 380 करोड़ रुपए रिजर्व दिखाया। सितंबर तक आय 413 करोड़ 17 लाख रुपए दर्शाई गई है। अंतिम अवशेष के रूप में 555 करोड़ रुपए बताया गया है। निर्माण, जल संभरण, प्रकाश, स्वास्थ्य, उद्यान, खेलकूद, शिक्षा, संपत्ति और प्रवर्तन आदि अनुभाग पर चालू वित्त वर्ष में खर्च किया जाएगा।