लीगेसी वेस्ट के खिलाफ नगर निगम की जंग, 6 लाख टन पुराना कचरा निस्तारित

-23 एकड़ भूमि पर मियावकी पद्धति से करया जाएगा पौधरोपण

गाजियाबाद। शहर में लीगेसी वेस्ट (पुराना कचरा) निस्तारण की दिशा में नगर निगम गंभीरता से काम कर रहा है। योजनाबद्ध तरीके से काम किए जाने से 6 लाख टन लीगेसी वेस्ट का निस्तारण किया गया है। प्रताप विहार एवं इंदिरापुरम में स्थापित प्लांट के जरिए यह कार्य कराया गया है। लीगेसी वेस्ट के निदान से गंदगी की समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकता है। शहर को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। इसके मद्देनजर प्रताप विहार तथा इंदिरापुरम में कूड़े के पहाड़ यानी लीगेसी वेस्ट को हटवाया गया। यह वेस्ट पर्यावरण के लिए बेहद हानिकारक था। इस दौरान लगभग 6 लाख टन कचरे का प्रोसेस कर खाद व अन्य में बदला गया। इससे शहर को लीगेसी वेस्ट से मुक्ति मिली है। यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। भविष्य में कई लाख टन कचरा प्रोसेस किया जाएगा।

नगर निगम की जो भूमि खाली हुई है, उस पर पर्यावरण में सहयोग के दृष्टिगत मियावकी पद्धति से वृहद स्तर पर पौधरोपण कराया जाएगा, जिसमें लगभग लाखों की संख्या में पौधे रोपित किए जाएंगे। प्रताप विहार में 11 एकड़ भूमि तथा इंदिरापुरम में 12 एकड़ भूमि से लीगेसी वेस्ट का निस्तारण किया गया, जिसकी जिम्मेदारी उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह को दी गई है। नगर निगम ने बड़ी मात्रा में कचरे का निस्तारण बायो माइनिंग तकनीक से किया है। इसके तहत सूखे तथा गीले कचरे को अलग-अलग किया गया। यानी मिट्टी व इत्यादि अलग तथा सूखा कचरा अलग कर एडवांस मोबाइल मशीन का उपयोग कर 5 लाख टन लीगेसी वेस्ट प्रताप विहार में तथा एक लाख टन लीगेसी वेस्ट का निस्तारण इंदिरापुरम में किया गया। इसके बाद कचरे से खाद बनाई गई, जिसका उपयोग पौधरोपण में किया गया।

शेष कचरे का इस्तेमाल सीमेंट फैक्ट्री एवं वेस्ट टू एनर्जी में बेहतर तरीके से किया जा रहा है। नागरिकों ने नगर निगम से शहर के पर्यावरण की चिंता कर कई सुझाव तथा शिकायतें कचरा निस्तारण के संबंध में दिए थे। जिसका संज्ञान लेकर वर्तमान में सिटी तथा वसुंधरा जोन के नागरिकों को बड़ी राहत निगम द्वारा दी गई है। इस मामले में सोने पर सुहागा वाली बात यह रही की नगर निगम ने पर्यावरण के लिए दुश्मन बने कचरे का ना सिर्फ निस्तारण किया बल्कि प्रदूषण को रोकने के लिए मियावकी पद्धति से पौधरोपण भी कराया जाएगा।

महेंद्र सिंह तंवर
नगरायुक्त
गाजियाबाद नगर निगम

शहर को हरा-भरा और कचरा मुक्त कराने की दिशा में नगर निगम द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। लीगेसी वेस्ट के निस्तारण पर ध्यान दिया गया है। पुराने कचरे का बखूवी निस्तारण होने से नागरिकों को भी काफी राहत मिली है। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
महेंद्र सिंह तंवर
नगरायुक्त
गाजियाबाद नगर निगम