गाजियाबाद के अस्पताल में निकला सांप, बिस्तर छोड़ भागे मरीज

गाजियाबाद। सेक्टर-23 संजयनगर स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय में इमरजेंसी वार्ड में देर रात सांप के निकलने से अफरा-तफरी मच गई। सांप को देखकर वार्ड में भर्ती मरीजों में एकाएक भगदड़ मच गई। कई मरीज बेड से उठकर बाहर भाग गए। सांप से डरे-सहमें मरीजों को रात भर नींद तक नहीं आई। मरीजों के मन में डर था कहीं फिर से सांप न आ जाए। वहीं वार्ड व्बाय ने सूझबूझ दिखाते हुए ग्लब्स पहनकर सांप को पकड़कर बाहर फेंक दिया। संयुक्त जिला चिकित्सालय में देर रात सांप निकलने के बाद मरीजों के साथ अस्पताल के कर्मियों में दहशत फैल गई। इमरजेंसी वार्ड में सांप की सूचना पाकर डाक्टर, फार्मासिस्ट और वार्ड ब्वाय उसे पकडऩे के लिए सभी जुट गए। लेकिन कोई भी सांप को निकालने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

स्थानीय पुलिस को इसकी दी गई। इसी बीच अस्पताल के एक वार्ड ब्वाय आगे आया और सूझबूझ दिखाते उसने सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। वार्ड ब्वाय गोकुल ने ग्लब्स पहना और सांप को दोनों हाथों से पकड़ लिया। खास बात यह है कि सांप को नुकसान पहुंचाने की बजाय ठीक इंसानों की तरह इलाज करते हुए वार्ड ब्वाय उसे बाहर ले गया और सुरक्षित जंगल की तरफ छोड़ दिया। इस घटना के बाद इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों को रात भर नींद नहीं आई और कुछ मरीज तो बेड से नीचे ही नहीं उतरे।

बता दें कि अस्पताल के आसपास काफी गंदगी रहती है और घने पेड़ और घास खड़ी हुई है। इसी वजह से इमरजेंसी वार्ड में यह सांप पहुंचने की संभावना है। सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल परिसर में कीटनाशक दवा छिड़काव की तैयारी की जा रही है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. विनोद चंद्र पांडेय का कहना है कि दो दिन तक कीटनाशक दवाओं का विशेष छिड़काव कराया जाएगा। अस्पताल में घास एवं पेड़ों की छंटाई आदि भी कराई जाएगी।